बेवर क्षेत्र के मोहल्ला काजीटोला की दलित महिला पर धर्म-परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बनाने के मामले में पुलिस रिपोर्ट दर्ज करके खामोश बैठी है। वहीं आरोपी युवक महिला पर समझौते का दबाव बना रहा है। इंकार करने पर उसे धमकियां दी जा रही है। पीड़िता ने सोमवार को एसपी से इसकी शिकायत की।
थाना बेवर क्षेत्र के मोहल्ला काजीटोला की रहने वाली दलित महिला ममता देवी ने पड़ोसी आबिद खान के खिलाफ पांच अगस्त को धर्म-परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बनाने और एससी एसटी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसकी जांच सीओ भोगांव को सौंपी गई है। वहीं मामले को लेकर हिंदूवादी संगठनों की ओर से विरोध प्रदर्शन करके गिरफ्तारी की मांग भी की गई। इसके बाद भी अब तक पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की। जबकि महिला का आरोप है कि उक्त व्यक्ति अब रिपोर्ट वापस लिए जाने का दबाव बना रहा है। इंकार करने पर उसे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। सोमवार को एसपी देवरंजन वर्मा से इसकी शिकायत करने आरोपी की गिरफ्तारी, मामले की जांच किसी और सीओ से कराने की मांग की। कार्रवाई नहीं होने पर पीड़िता ने धरने पर बैठने की चेतावनी भी दी है।