थाना बेवर क्षेत्र के एक गांव में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र की संचालिका ने ग्राम प्रधान के ससुर और उनके सहयोगियों पर मारपीट और दुष्कर्म करने की कोशिश का आरोप लगाया है। कार्रवाई की मांग को लेकर संचालिकाओं ने सोमवार को
पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया। एसपी ने एसओ को घटना की जांच करके कार्रवाई का निर्देश दिया है।
बेवर इलाके की एक ग्रामसभा में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में तैनात संचालिका विधवा है। उसका आरोप है कि रविवार की शाम गांव के प्रधान के ससुर अपने सहयोगियों के साथ आए और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान हमलावरों ने उसके साथ दुष्कर्म करने का भी प्रयास किया। आरोप है कि इसकी नामजद शिकायत उसने थाने में की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस मामले में सोमवार आंगनबाड़ी केंद्र की संचालिकाओं ने एसपी कार्यालय का घेराव किया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए संचालिकाओं ने करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया। एसपी देवरंजन वर्मा ने संचालिकाओं को कार्रवाई का भरोसा दिलाकर शांत कराया। एसओ को घटना की जांच और कार्रवाई का आदेश दिया। यही नहीं पीड़ित संचालिका को अस्पताल भेजकर उसका मेडिकल मुआयना भी करवाया।
थाना पुलिस को रिपोर्ट लिखकर आरोपियों की तलाश में दबिश देने के आदेश दिए गए हैं। मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है।
देवरंजन वर्मा
एसपी मैनपुरी
मेडिकल के दौरान हुई डाक्टर से झड़प
मैनपुरी। पिटाई से घायल आंगनबाड़ी केंद्र की संचालिका के दोबारा मेडिकल परीक्षण किए जाने को लेकर डॉक्टर, चिकित्सकीय स्टाफ और केंद्र संचालिकाओं में तीखी झड़प हो गई। सीएमओ द्वारा भी दोबारा मेडिकल से इंकार करने पर केंद्र संचालिकाओं ने इसकी शिकायत एसडीएम से की।
विभागीय अफसर को जमकर कोसा
मैनपुरी। आंगनबाड़ी संचालिका के साथ हुई मारपीट के बाद आंगनबाड़ी संघ की अध्यक्ष सरिता शाक्य ने विभागीय अधिकारी को जमकर कोसा। कहा कि अफसर सिर्फ अपनी कुर्सी पर जमे रहने के लिए नेताओं की हां में हां मिलाते रहते हैं। उन्हें अपने अधीनस्थ कर्मियों के उत्पीड़न की कोई चिंता नहीं है।