मलिक मील कालोनी में डेंगू के मरीज मिलने की सूचना पर सोमवार को सीएमओ डॉ. केके शर्मा के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। यहां मरीजों की जांच की गई। टीम ने कुल 15 मरीज देखे, जिन्हें बुखार था। इनमें से 13 मरीजों की मलेरिया की आशंका के चलते स्लाइड तैयार कराई। साथ ही दो को प्राथमिक उपचार दिया।
मोहल्ले के लोगाें ने टीम सदस्यों को बताया कि डेंगू से पीड़ित मरीजों का आगरा में उपचार चल रहा है। टीम का नेतृत्व कर रहे डा. यूसी हजेला ने बताया कि मोहल्ले की स्थिति सामान्य है। जिन लोगों का उनके द्वारा परीक्षण किया गया वह वायरल फीवर से पीड़ित हैं। डेंगू और मलेरिया से पीड़ित कोई मरीज नहीं है। 13 मरीजों की स्लाइड तैयार कराई है। टीम में डॉ. वाईपी दुबे, सीनियर इंस्पेक्टर मलेरिया एसएन सिंह, अजय गुप्ता, अजीत यादव, अरविंद यादव, अनवर हुसैन आदि शामिल थे।
दो का अभी भी चल रहा उपचार
मलिक मील कालोनी के पांच लोग डेंगू की चपेट में थे, जिनमें से तीन की उपचार के बाद छुट्टी कर दी गई। जबकि दो लोग अभी भी आगरा के एक निजी अस्पताल में उपचार करा रहे हैं। मोहल्ला निवासी वदन सिंह यादव, डॉ. मनोज यादव, समर्थ, शिवानी, अमन, कमलेश में डेंगू के लक्षण मिले थे। शिवानी, वदन सिंह तथा समर्थ की सोमवार को अस्पताल से छुट्टी हो गई। मनोज यादव व अमन का उपचार चल रहा है।