उमस और बारिश के चलते बुखार, पेटदर्द और डायरिया से पीड़ित रोगियों की संख्या बढ़ने लगी है। जिला अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में रविवार को पेट दर्द और डायरिया से पीड़ित होने पर गंभीर हालात में 13 रोगी भर्ती कराए गए। वहीं डायरिया से पीड़ित एक युवक ने सैफई अस्पताल में दम तोड़ दिया।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में रविवार को पेट दर्द और डायरिया से पीड़ित होने पर लगभग 53 रोगी पहुंचे। इनमें नाजुक हालत होने पर 13 को इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। शेष को प्राथमिक उपचार देने के बाद भेज दिया। वहीं बरनाहल थाना क्षेत्र के ग्राम नौरमई निवासी जगदीश (20) को डायरिया हो गया। परिवारीजन उसका उपचार प्राइवेट अस्पताल में करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर सैफई ले गए। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जिला अस्पताल के डाक्टर एसपी सिंह का कहना है कि ऐसे मौसम में संक्रमित पानी से बचना चाहिए। वहीं इमरजेंसी में डायरिया, पेट दर्ज, उल्टी-दस्त से पीड़ित होने पर नीतू, अखलेश, बलवीर, इंद्रावती, रतिराम, प्रवल प्रताप, पलक, सुरेंद्र सिंह, अशोक सिंह को भर्ती कराया गया है।
डायरिया के लक्षण
- गर्म लाल, शुष्क त्वचा का होना।
- पसीना न आना, हृदय गति तेज होना।
- बार-बार दस्त होना।
- सिर दर्द, उल्टी, थकान, कमजोरी आदि आना।
बचाव के उपाय
पानी को उबाल कर पीएं, ताजा भोजन ही करें।
- बासी भोजन, कटे फल, खुले हुए खाद्य पदार्थ का उपयोग न करें।
- ओआरएस घोल, नारियल का पानी आदि उपयोग करें।
- कुशल चिकित्सक से उपचार लें।