मां के सपनों को बेटी ने किया पूरा तो पूरे क्षेत्र ने किया सम्मान
- जिले में छठवां स्थान पाने वाली आकांक्षा के घर बधाई देने पहुंच रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। दन्नाहार थाना क्षेत्र के गांव रुस्तुमपुर निवासी आकांक्षा यादव ने 12वीं की परीक्षा में क्षेत्र में पहला तो जनपद में छठवां स्थान पाया है। आकांक्षा के पिता की बचपन में ही मौत हो गई थी। मां का सपना था कि उनके बच्चे पिता का नाम रोशन करें। बेटी आकांक्षा ने मां के सपनों को साकार करने का कार्य किया तो गांव ही नहीं क्षेत्र के लोगों ने भी आकांक्षा को बधाई दी।
रुस्तुमपुर निवासी मीना देवी के पति चरन सिंह की उस समय मौत हो गई जब उनका बड़ा बेटा आदित्य सात साल, छोटा बेटा हिमांशु पांच साल और सबसे छोटी बेटी आकांक्षा मात्र तीन साल की थी। पति की मौत के बाद मीना देवी पर दुखों का पहाड़ टूट गया। मीना देवी ने हिम्मत नहीं हारी। दोनों बेटों के साथ बेटी को भी पढ़ाया। बेटी आकांक्षा पास के ही गांव रठेरा स्थित श्री आदर्श कृष्णा इंटर कॉलेज रठेरा की 12वीं की छात्रा है। 20 अप्रैल को बेटी का परिणाम आया तो मीना देवी के खुशी के आंसू छलक उठे। बेटी ने 95.20 प्रतिशत अंकों के साथ परीक्षा पास कर क्षेत्र में पहला तो जिले में छठवां स्थान पाया। पूरे घर में जश्न का माहौल है। गांव ही नहीं क्षेत्र के लोग और शिक्षाविद् आकांक्षा का सम्मान करने उसके घर पहुंच रहे हैं। आकांक्षा का कहना है कि यदि लक्ष्य निर्धारित कर शिक्षा ग्रहण की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। आकांक्षा ने हिंदी में 96, अंग्रेजी में 90, गणित में 96, भौतिक विज्ञान में 97 और रसायन विज्ञान ने 97 अंक प्राप्त किए हैं।
आकांक्षा की सफलता पर मां मीना देवी, ताऊ राजबहादुर, रामचंद्र, बालक राम, शिक्षक बीटू कुमार, प्रधानाचार्य प्रफुल्ल यादव, सचिन पाल, अवनीश यादव, योगेंद्र यादव, अभिषेक यादव, शिवराम यादव आदि ने उनके घर पर पहुंचकर सम्मान किया।