मैनपुरी। ओटीएस योजना की समाप्ति के बाद विद्युत निगम राजस्व वसूली में जुट गया है। अधीक्षण अभियंता मुकेश कुमार की ओर से राजस्व वसूली की समीक्षा की जा रही है। एसई ने बृहस्पतिवार को उपखंड घिरोर कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि किसी भी बकायेदार का कनेक्शन चालू न मिले।
अधीक्षण अभियंता ने एक्सईएन खंड तृतीय हंसराज कौशल, एसडीओ निजामुद्दीन के साथ उपखंड से पोषित गांव दन्नाहार, नगला जुला, कुचेला, कांकन, शाहजहांपुर, घिरोर और उसनिधा बिजली घरों के पैरामीटर्स विद्युत चोरी, राजस्व वसूली, बिलिंग एवं विद्युत आपूर्ति की समीक्षा की। उन्होंने एसडीओ से कहा कि किसी भी बकायेदार का कनेक्शन चलता न पाया जाए, 50 हजार से ऊपर के सभी घरेलू बकायेदारों के मीटर उखाड़ लें। चक्की, स्कूल, मील के बकायेदारों के शत-प्रतिशत वसूली हर हाल में सुनिश्चित करें।
उन्होंने एसडीओ और जेई से कहा कि पूर्व में बकाये पर कटे कनेक्शनों की चेकिंग करें। बिना बकाया जमा किए कनेक्शन जुड़ा पाए जाने पर जेई की जवाबदेही और लाइनमैन की सेवा समाप्त करें। स्टोर बिलिंग करने वाले रीडरों की सेवा समाप्त करें। विद्युत चोरी पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में चेकिंग के दौरान प्रशासन की मदद ली जाए।