आकाशीय बिजली गिरने से किशोर की मौत
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में शनिवार को बारिश के बीच खेत पर बंधी भैंस खोलने गए एक किशोर पर बिजली गिर गई। आनन-फानन परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजन में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
घटना कुरावली थाना क्षेत्र के मोहल्ला सुजरई की है। निवासी धर्मवीर राजपूत की पत्नी नन्हीं देवी ने सुबह भैंस को घर से करीब 500 मीटर दूर खेत पर बांध दिया था। कुछ देर बारिश और तेज हवा चलने लगी तो नन्हीं देवी का 15 वर्षीय पुत्र अंशुल उर्फ अंशू खेत पर बंधी भैंस खोल कर लाने की बात कह कर चला गया।
वह खेत पर पहुंचा ही था कि तभी तेज धमाके के साथ उस पर बिजली गिर गई। बिजली गिरते ही अंशुल अचेत होकर खेत में गिर गया। आसपास खेत में काम कर रहे किसानों ने जब किशोर को अचेत पड़ा देखा तो परिजन को जानकारी दी। खबर मिलते ही परिजन खेत पर पहुंच गए।
अचेत पडे़ अंशुल को आनन फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजन में चीख पुकार मच गई। उधर बिजली गिरने से किशोर की मौत की सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस भी मौके पर आ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी भिजवाया।
मजदूरी कर परिवार पाल रहा है पिता
ग्रामीणों ने बताया कि धर्मवीर सिंह राजपूत दिल्ली में रह कर मजदूरी करता है। इसी से वह पत्नी और बच्चों का भरण पोषण करता है। मृतक अंशुल के अलावा दो पुत्र दीपक और पुनीत हैं। बिजली गिरने से अंशुल की मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजन को मिलेगा मुआवजा
मोहल्ला सुजरई निवासी किशोर की बिजली गिरने से हुई मौत के बाद एसडीएम राजनारायण वर्मा से जानकारी ली। उनका कहना है कि घटना की जानकारी मिल गई है। मौके पर राजस्व विभाग के अधिकारियों को भेजा गया है। जांच कर दैवीय आपदा के तहत मृतक के परिजन के खाते में चार लाख रुपये का मुआवजा 24 घंटे अंदर पहुंच जाएगा।