रविवार देर शाम थाना घिरोर क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में मारे गए दंपति समेत तीन लोगों की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिवारीजनों ने जमकर वबाल किया। स्वीपर पर रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीच बचाव करने आए वार्ड ब्वाय को भी भीड़ ने पीटकर घायल कर दिया। काफी देर तक वहां हंगामा चलता रहा। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को शांत किया। वार्ड ब्वाय ने तहरीर दी। पुलिस ने उसका मेडिकल कराया।
कोसोन निवासी मुन्ना लाल कोरी पत्नी प्रीती और रिश्तेदार रनपाल निवासी गांव बलपुरा के साथ दवा लेकर गांव लौट रहा था। मुन्ना लाल के साथ उनकी दो साल की पुत्री प्राची भी थी। अरांव बार्डर के पास डीसीएम की चपेट में आकर दंपति की मौत हो गई थी। प्राची का उपचार सैफई में चल रहा है। सोमवार को जब शवों का पोस्टमार्टम हो रहा था। घरवालों ने आरोप लगाया तभी स्वीपर सचिन ने परिवारीजनों और रिश्तेदारों से पांच सौ रुपये की मांग की। इससे गुस्साई भीड़ ने स्वीपर के साथ हाथापाई शुरू कर दी। शोर शराबा सुनकर बाहर आए वार्ड ब्वाय ग्रीश ने जब गुस्साई भीड़ को समझाने का प्रयास किया तो भीड़ ने उनके साथ भी मारपीट की। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले को समझा बुझाकर शांत किया गया। वार्ड ब्वाय ग्रीश ने कोतवाली में तहरीर दी। इसके बाद पुलिस ने उसका मेडिकल कराया।
गांव में नहीं जले चूल्हे
मैनपुरी (ब्यूरो)। मुन्नालाल के तीन बच्चे हैं। मृतक मजदूरी का काम करता था और बेहद गरीब था। मां बाप की पहले ही मौत हो चुकी थी। वह गांव कोसोन में एक कच्चे मकान पत्नी और तीन बच्चों का पालन पोषण कर रहा था। मुन्नालाल की बड़ी पुत्री ज्योंति 13 साल की है दूसरा पुत्र सनी और पुत्री प्राची अब मां बाप की मौत के बाद अनाथ हो गए हैं। ऐसे में रिश्तेदार ही अब बच्चों को सांत्वना दे रहे हैं। गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है। गांव के कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले। देर शाम शव गांव पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार किया गया। बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।