कुर्रा के गांव लखनीपुर में दलित दंपति की हत्या के बाद पहुंचे भाजपा नेताओं ने प्रदेश सरकार पर पक्षपात करने का आरोप लगाया। मांग की कि दलित अनाथ बच्चों को नोएडा के अखिलाख की तर्ज पर ही 25 लाख रुपये दिए जाएं। एक आवास देने के साथ ही उनकी पढ़ाई का खर्चा भी प्रदेश सरकार वहन करे।
लखनीपुर निवासी दलित भारतसिंह नट, पत्नी रजनी की 15 रुपये के विवाद में कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई थी। गांव के ही आरोपी अशोक मिश्रा, पत्नी ममता को पुलिस जेल भेज चुकी है। सोमवार को भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता के नेतृत्व में गांव पहुंचे नेताओं ने दलित दंपति के बच्चों तथा परिवारजनों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार आर्थिक सहायता देने में भेदभाव कर रही है। भाजपा केंद्र सरकार से भी पहल करके दलित परिवार को आर्थिक सहायता तथा अन्य सुविधाएं दिलाएगी।
इस मौके पर पूर्व क्षेत्रीय मंत्री प्रेमसिंह शाक्य, मीडिया प्रभारी सौरभ दुबे, मदन चौहान, देवेंद्र सिंह चौहान, अजयपाल सिंह चौहान, अरुण प्रताप सिंह, राकेश चंदेल, संदीप कठेरिया, गौतम चौहान, अखिलेश सिंह आदि मौजूद थे।