मैनपुरी के घिरोर कस्बा बाजार में खरीदारी करने आए फिरोजाबाद के गांव नगला हाल निवासी रचित (16) की बृहस्पतिवार दोपहर रोडवेज बस की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवाया और मृतक के परिजन को सूचना दी। पुलिस ने टक्कर मारने वाली मैनपुरी डिपो की बस को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कराया है।
जनपद फिरोजाबाद के थाना अरांव क्षेत्र के गांव नगला हाल निवासी रचित उर्फ धर्मवीर बृहस्पतिवार को साथी प्रांशू के साथ साइकिल से कस्बा बाजार खरीदारी के लिए आया था। जसराना तिराहे से नहर की ओर जाते समय मैनपुरी की ओर से आ रही रोडवेज बस ने उसे चपेट में ले लिया। हादसे में रचित की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
साथी प्रांशू को मामूली चोट लगी, हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। भीड़ को हटाने के बाद मैनपुरी डिपो के बस चालक देवेंद्र निवासी नगला भवानी घिरोर को थाने ले गई, किशोर को शव मोर्चरी भिजवाया। हादसे की सूचना मिलने के कुछ देर बाद मृतक के परिजन भी जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी पर आ गए।
जान बचाने के लिए दुकान में घुसा चालक
जसराना तिराहा के पास रोडवेज बस की चपेट में आकर किशोर की मौत के बाद लोग आक्रोशित थे। लोगों के आक्रोश को देखते हुए चालक ने छिपते हुए एक दुकान में शरण ली। गांव के कुछ लाेगों ने चालक का सहयोग किया, पुलिस के मौके पर आने के बाद चालक को सुपुर्दगी में दिया गया।
इकलौता पुत्र था रचित
रोडवेज बस से हुए हादसे में जान गंवाने वाला रचित इकलौता पुत्र था। वह 7वीं कक्षा का छात्र था, वह नई साइकिल खरीद कर लाया था। बृहस्पतिवार को उसी साइकिल को लेकर कस्बा घिरोर बाजार आया था। हादसे ने घर का इकलौता चिराग बुझा दिया है, परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में मातम छाया है। शाम को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव अंतिम संस्कार के लिए परिजन के सुपुर्द कर दिया।