मैनपुरी के कुसमरा से पुलिस का एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है। वाहन चेकिंग के नाम पर पुलिस ने युवकों के साथ जो हरकत की, उसे देखकर लोगों में आक्रोश है।
मैनपुरी के कस्बा कुसमरा चौकी क्षेत्र में बुधवार को चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मियों की दबंगई सामने आई, तीन सवारी पकडे़ गए युवकों को बल प्रयोग करते हुए जबरदस्ती पीटते हुए जीप में ठूंस कर चौकी ले जाया गया, वहीं जब सख्ती के बारे में पूछा गया तो पुलिस निरोधात्मक कार्रवाई का सहारा लेते हुए बचाव करती दिखी।
विज्ञापन
थाना किशनी की कुसमरा चौकी पुलिस बुधवार को यादव नगर चौराहे पर चेकिंग रही थी, बगैर हेलमेट व यातायात नियमों का पालन न करने वालों को रोक कर चालान किया जा रहा था, तभी एक बाइक पर तीन युवक आते हुए दिखाई दिए। उन्हें रोक कर पूछताछ की, उनके बीच अचानक से गहमा गहमी होने लगी और पुलिसकर्मी हाथापाई पर उतारू हो गए। इस बीच चौकी इंचार्ज भी आ गए और युवकों को दबंगई दिखाते हुए जबरदस्ती जीप में ठूंसने लगे, विरोध करने पर उनकी पिटाई की गई।
चौकी पुलिस की इस दबंगई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कुसमरा पुलिस की दबंगई को लेकर जिले की सोशल मीडिया सेल की ओर से निरोधात्मक कार्रवाई की बात कहते हुए बचाव किया जा रहा है। हालांकि जो कुछ हो रहा है, वह वीडियो में स्पष्ट तौर पर देखा जा सकता है।