समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव रविवार शाम को करहल में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए। उन्होंने बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि मैनपुरी, इटावा, फिरोजाबाद, फर्रुखाबाद, अलीगढ़, बदायूं, औरेया, कानपुर देहात और कानपुर नगर में भाजपा चुनाव हारेगी। जनता इनकी सरकार से निराश हुई है।
अखिलेश यादव करहल में सपा नेता उमेश यादव के बेटे निखिल यादव के विवाह में शामिल होने आए। उन्होंने कहा कि क्या बीजेपी ने किसान को उसकी पैदावार का दाम दिया, धान की क्या तैयारी है। किसानों को डीएपी और खाद दे नहीं पा रहे हो। अगर यहां मंडी बन जाती तो किसान को लाभ होता उनकी फसलों को सही दाम मिलते। सपा की सरकार में मंडी में जितना काम हुआ, बस उतना है आज भी है। करहल में चौराहे जगमग किए, सड़कों और रेल लाइन पर ओवरब्रिज बनाए। यहां से थोड़ी ही दूर भदान का रेलवे ओवरब्रिज सपा सरकार ने नौ महीने में बना दिया। बीजेपी ने ऐसा ब्रिज कहीं बनाया है।
उन्होंने ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन पर कहा कि हमने अभी आगरा में एक बड़ा सम्मेलन किया। जिसमें डी मतलब दमदार दलित बड़ी संख्या में रहे। दलितों को पता है कि संविधान खतरे में हैं। बाबा साहब की लगभग 200 मूर्तियां तोड़ी गई, किसी पर भी उसमें कार्रवाई नहीं हुई। सरकार को आरक्षण न देना पड़े इसलिए सरकार सुप्रीम कोर्ट जा रही है। उन्होंने कहा कि अब लड़ाई 80-20 की नहीं, बल्कि 95-5 प्रतिशत की है। इस अवसर पर विधायक तेज प्रताप यादव, पूर्व एमएलसी अरविंद यादव, वर्तमान एमएलसी मुकुल यादव, बृजेश कठेरिया विधायक किशनी, जिला अध्यक्ष आलोक शाक्य, पूर्व विधायक राजू यादव आदि लोग उपस्थित रहे।