पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) के रथ पर सवार होकर सत्ता में वापसी की बाट जोह रही समाजवादी पार्टी दलितों को रिझाने में लगी है। जीआईसी मैदान में होने वाले दलित सम्मेलन इसका सीधा उदाहरण है। यहां राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पीडीए के नारे को धार देने आए। इसके साथ ही वे दलितों की राजधानी कहे जाने वाले आगरा से विधानसभा चुनाव 2027 के लिए शंखनाद कर गए।
दिल्ली से निजी विमान से दोपहर करीब 12 बजे अखिलेश यादव खेरिया हवाई अड्डे आना था, लेकिन वे अभी तक नहीं पहुंचे हैं। इससे पहले जीआईसी मैदान में भीड़ जुटना शुरू हो गई है। अखिलेश यादव व खेरिया हवाई अड्डे से पंचकुइयां स्थित जीआईसी मैदान पहुंचेंगे।
दलित सम्मेलन के मंच पर बैठे 30 जिलों के 300 पदाधिकारी
समाजवादी पार्टी के जीआईसी मैदान में दलित सम्मेलन का मंच सज चुका है। कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट रही है। अखिलेश यादव को 12 बजे पहुंचना था, लेकिन उनके आने में विलंब के कारण कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाने के लिए लोकगीतों की धुनें बज रही हैं।
आगरा में समाजवादी पार्टी का अब तक का सबसे बड़ा दलित सम्मेलन
आगरा में समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित दलित सम्मेलन को पिछले 25 वर्षों में शहर की सबसे बड़ी जनसभा माना जा रहा है। इस सम्मेलन में 2013 में हुए सपा के राष्ट्रीय अधिवेशन से भी अधिक भीड़ जुटने का अनुमान है। यह दलित सम्मेलन आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी के चुनावी शंखनाद के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी का लक्ष्य पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) समीकरण को मजबूत करना है। आगरा को दलितों की राजधानी के रूप में संबोधित किया जा रहा है, जहां अनुसूचित वर्ग के मतदाताओं की संख्या पांच लाख से अधिक है।
दलित सम्मेलन के मंच पर पहुंचे रामगोपाल यादव
समाजवादी पार्टी के अब तक के सबसे बड़े दलित सम्मेलन का आयोजन आगरा में हो रहा है। सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव भी दलित सम्मेलन के मंच पर पहुंच गए हैं।
भाजपा ने अखिलेश यादव के पीडीए पर उठाए सवाल, 2027 में सच्चाई सामने आने का किया दावा
भाजपा जिलाध्यक्ष का पोस्ट हुआ वायरल
- फोटो : फेसबुक ग्रेब
आगरा में समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित दलित सम्मेलन के जवाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आक्रामक रुख अपनाया है। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत सोनिया और सांसद राजकुमार चाहर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) अभियान पर सवाल खड़े किए हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि जनता अखिलेश यादव के कथनी और करनी के अंतर को जानती है और उनके किसी भी बहकावे में नहीं आएगी। उन्होंने दावा किया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी और प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने पिछड़े, दलित और वंचित समाज को सम्मान देने के साथ-साथ सशक्त बनाने का काम किया है, जिसके कारण यह वर्ग भाजपा पर विश्वास करता है।
विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने भाजपा को घेरा
मछली शहर से सपा विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश महिला अपराध में सबसे आगे है। वो दलितों का सम्मान नहीं कर सकते हैं। यदि वो सम्मान नहीं कर सकते हैं, तो उनको हम कुर्सी से उठा देंगे और अखिलेश यादव को उस कुर्सी पर बैठाने का काम करेंगे।
पीडीए की कामयाबी से कांपने लगे बड़े-बड़े धुरंधर
दलित सम्मेलन को संबोधित करते हुए रामपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा कि अखिलेश यादव ने सामाजिक न्याय का नारा लगाया है। वो प्रदेश के हर व्यक्ति की आवाज है। आज प्रदेश में दूसरे प्रदेश से लोग आकर पतंगे उड़ाना चाहते हैं। उनकी डोर कहीं ओर है। ऐसे ही लोग दलित और मुस्लिम समाज को गुमराह करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यूपी की जनता गुमराह होने वाली है। आज प्रदेश की सरकार है, उसने स्कूलों को बंद कराया। वोट चोरी में पूरा सहयोग किया। मंदिरों के दान को भी नहीं छोड़ा। ऐसी सरकार को क्या फिर आना चाहिए। अब ये प्रदेश सामाजिक न्याय से चलेगा, किसी की दादागीरी से नहीं चलेगा। समाजवादी लोग सबका सम्मान करते हैं, सबको साथ लेकर चलते हैं। आज पीडीए की कामयाबी से बड़े-बड़े धुरंधर कांपने लगे हैं।
बाल योगी ने थामा सपा का दामन
दलित सम्मेलन में बड़ा सियासी पलटफेर देखने को मिला। यहां से बाल योगी को सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सपा की सदस्यता दिलाई। इस दौरान बाल योगी ने कहा कि अब नेता जी के बेटे पर विश्वास करो कि 85 साल का अनुभव पिता का है और 50 साल का बेटे का है। उन्होंने कहा कि 70 हजार कार्यकर्ता गरीब सेना का है, जो पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगा। बाल योगी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, सांसद रामजीलाल सुमन और दलित सम्मेलन में आए सभी लोगों को साक्षी मानकर समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहा हूं। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए एमएलसी चुनाव में शिक्षा मंत्री के जिले से भाजपा शिक्षक एमएलसी की सीट हार गई।
'यूपी में भाजपा 50 सीट भी नहीं पाएगी', आगरा में सांसद अवधेश प्रसाद ने अखिलेश यादव के मंच से किया बड़ा दावा
अयोध्या (फैजाबाद) लोकसभा सीट से वर्तमान सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि आगरा में जो भी सम्मेलन होता है, वो हमारी पार्टी के लिए शुभ होता है। जब जब नेता जी ने सम्मेलन किया सपा सत्ता में आई है। आज ये सम्मेलन ऐसे वक्त हो रहा है, जब दलितों का उत्पीड़न हो रहा है। ऐसे समय में सम्मेलन हो रहा है, जब आगरा में भाजपा बहुत बुरी तरह से एमएलसी चुनाव में हारी है। हमें खुशी है कि प्रदेश की जनता ने मन बना लिया है कि भाजपा सरकार को हटाने में किसी की ताकत है, तो वो सपा में है। मैं मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की जमीन से हूं। अखिलेश यादव ने भाजपा का घमंड चूर कर दिया मुझे अयोध्या से टिकट देकर। वहां से जीत दर्ज की। उन्होंने कहा कि अब इनकी विदाई का समय आ गया है। ये बदलाव की आंधी है। यूपी में भाजपा 50 सीट भी नहीं पाएगी।
आगरा के दलित सम्मेलन में अखिलेश की हुंकार, बोले- अंगद का पैर रखने के लिए जमीन भी चाहिए
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि कुछ लोग कह रहे थे कि अंगद का पैर है, आगरा के इस दलित सम्मेलन के बाद उनकी जमीन खिसक जाएगी। जमीन नहीं होगी तो अंगद का पैर कहां रखोगे?
'पेपर लीक भाजपा खुद करा रही', अखिलेश यादव ने उठाए सवाल, बोले- नौकरी देनी पड़ेगी इसलिए हो रहा ऐसा
अखिलेश यादव ने कहा कि मूर्तियां तोड़ने तक ये सरकार सीमित नहीं है, दिल्ली का आंदोलन आप लोगों ने देखा है, जेन-जी, जेन-अल्फा इनके खिलाफ हैं। सरकार को झुका दिया, नौजवानों की मांगों को स्वीकार करना पड़ा। मंत्री को हटाना पड़ा। पेपर लीक हो रहे हैं। परीक्षाएं रद्द हो रहीं हैं। पेपर लीक कराने का काम भारतीय जनता पार्टी खुद कर रही है, वह इसलिए कर रही है क्योंकि पेपर होगा तो नौकरी देनी पड़ेगी। आरक्षण देना पड़ेगा। नीट और उसके साथ और भी परीक्षाएं रद्द हुईं।
आगरा मेट्रो से इनर रिंग रोड तक... अखिलेश बोले- ये सब सपा सरकार की देन
अखिलेश यादव ने आगरा के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए मेट्रो, रफ्तार वाले एक्सप्रेसवे, आगरा से नोएडा तक के एक्सप्रेसवे और इनर रिंग रोड को सपा सरकार की देन बताया। उन्होंने 100 और 108 एंबुलेंस सेवाओं का भी उल्लेख किया और कहा कि आज भी लोगों के घरों में लैपटॉप चल रहे होंगे। उन्होंने दोहराया कि इस बार लाठी हारेगी और लैपटॉप जीतेगा। इसके साथ ही, उन्होंने अलीगढ़ में बिजली का कारखाना लगाने का दावा करते हुए भाजपा सरकार पर महंगाई बढ़ाने का आरोप लगाया और कहा कि हर सामान महंगा हो गया है।