फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शिक्षामित्रों ने लगाया जाम

Thu, 09 Nov 2023 07:05 PM IST
Anonymous User ब्यूरो,अमर उजाला मैनपुरी
विज्ञापन
विज्ञापन
मैनपुरी। सहायक अध्यापक पद पर समायोजन रद्द होने के बाद शिक्षामित्रों का आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। दूसरे दिन भी शिक्षण कार्य का बहिष्कार कर जिले भर में शिक्षामित्र सड़कों पर उतरकर हुंकार भरते रहे। शिक्षण कार्य ठप करने से जिले के 503 प्राथमिक विद्यालय दूसरे दिन भी नहीं खुल सके। किशनी में शिक्षामित्रों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर नारेबाजी की। किशनी के अरसारा स्कूल को बंद कराने को लेकर शिक्षामित्रों और प्रधानाध्यापक में गाली-गलौच और हाथापाई हुई। शहर में शिक्षामित्रों ने तहसील से कलेक्ट्रेट तक विरोध मार्च निकाला। चारों तहसीलों पर शिक्षामित्रों ने प्रदर्शन कर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
विज्ञापन

मंगलवार को भी शिक्षामित्रों ने समायोजन रद्द होने के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया। किशनी में बीआरसी से पैदल नारेबाजी करते हुए शिक्षामित्र तहसील पहुंचे। तहसील का गेट बंद देख भड़के शिक्षामित्रों ने ग्वालियर-बरेली नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। आधा घंटे तक तेज धूप में शिक्षामित्र सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते रहे। कई महिला शिक्षामित्रों की हालत बिगड़ गई। मौके पर पहुंचे एसडीएम गजेंद्र कुमार के समझाने पर जाम खोला गया। शिक्षामित्रों ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को दिया। जिलाध्यक्ष हेम सिंह यादव, महिला प्रदेश प्रभारी सुमन यादव, अशोक यादव, असित यादव, आदि मौजूद थे। किशनी के प्राथमिक विद्यालय अरसारा को बंद कराने को लेकर शिक्षामित्र और प्रधानाध्यापक भिड़ गए। दोनों और से गाली-गलौच और हाथापाई हुई। शिक्षामित्रों ने बच्चों को भगा दिया लेकिन बाद में ग्रामीणों के दबाव और पुलिस पहुंचने पर शिक्षामित्र लौट आए। दोनों पक्षों की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। वहीं मैनपुरी तहसील के शिक्षामित्रों ने तहसील पर विरोध प्रदर्शन करने के बाद कलक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष शुभम शक्ति भदौरिया ने कहा कि हम अपना हक लेकर रहेंगे चाहे इसके लिए हमें कुछ भी क्यों न करना पड़े। पैदल मार्च में शामिल विनीत चौहान, संध्या, ममतेस, राजकमल आदि ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर एसडीएम वीके अग्रवाल को ज्ञापन दिया। करहल में बीआरसी पर शिक्षामित्रों ने विरोध प्रदर्शन कर क्षेत्र के अधिकांश विद्यालय बंद करा दिए। इसके बाद शिक्षामित्र पैदल मार्च करते हुए तहसील पहुंचे। बाद में एसडीएम विजय प्रताप को ज्ञापन दिया गया। अरविंद यादव, गायत्री, इंद्रपाल सिंह, शैलेश, शैलेंद्र दुबे, ब्रजकिशोर, रजनी कुशवाह आदि मौजूद थे।
कुरावली में मंगलवार को क्षेत्र के शिक्षामित्रों द्वारा हाईकोर्ट के निर्णय के विरोध में हंगामा काटते हुये कस्बा स्थित बीआरसी परिसर सहित विद्यालयों को बंद करवाते हुये प्रदर्शन किया गया। कुरावली में शिक्षामित्रों ने बीआरसी पहुंचकर बीआरसी को बंद करने का दबाव बनाया। शिक्षामित्रों का आक्रोश देखते हुए बीआरसी के कर्मचारी ताला बंद कर भाग गए। शिक्षामित्रों ने प्राथमिक विद्यालय और कन्या प्राथमिक विद्यालय बंद कराने के बाद विरोध प्रदर्शन किया।
विज्ञापन


पुलिस की बढ़ाई गई चौकसी
शिक्षामित्रों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए जिले भर में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, कलक्ट्रेट, विकास भवन आदि में पुलिस और पीएसी बल तैनात कर दिया गया है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस का सक्रिय रहते हुए शिक्षामित्रों की हर गतिविधि पर निगाह रखने के निर्देश दिए गए हैं।

आज बीएसए कार्यालय पर होगा विरोध प्रदर्शन
आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के बैनरतले 16 सितंबर को बीएसए कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद शिक्षामित्र बीएसए को ज्ञापन सौंपेंगे। यह जानकारी देते हुए जिलाध्यक्ष हेमसिंह यादव ने कहा कि जिले के सभी शिक्षामित्र सुबह 10 बजे बीएसए कार्यालय पर पहुंच जाएं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें