थाना क्षेत्र के गांव लालपुर में रविवार को शराब बेचे जाने की सूचना महिलाएं व अन्य लोग भड़क गए। मौके पर मौजूद ठेकेदार की पिटाई कर खोखा में आग लगा दी। इतना ही नहीं उसे तोड़फोड़ कर नष्ट कर दिया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। महिलाओं का कहना था कि वह गांव में शराब नहीं बिकने देंगी। इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
नेशनल हाईवे से शराब के ठेकों का स्थानांतरण किए जाने के बाद करीब दो दिन पूर्व थाना क्षेत्र के गांव लालपुर में एक ठेकेदार ने शराब ठेका के लिए खोखा रख लिया है। दो दिन से वहां शराब की बिक्री भी की जा रही थी। रविवार को ग्रामीण महिलाओं को जब जानकारी हुई तो सभी एकजुट होकर खोखा के समीप पहुंच गईं। ठेकेदार से गांव में शराब बिक्री न करने की बात कही। इस बात को लेकर बहस इतनी बड़ी की महिलाआें ने ठेकेदार की पिटाई कर दी। मौके की नजाकत को देखते हुए ठेकेदार वहां से भाग गया। आक्रोशित महिलाओं ने खोखा में आग लगाने के बाद तोड़फोड़ कर नष्ट कर दिया। सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहां सैकड़ों की तादाद में महिला और पुरुष जमा हो गए। सभी एक सुर में गांव में शराब की बिक्री न होने देने की बात कही। पुलिस ने वहां काफी देर तक ठेकेदार की तलाश भी की मगर वह नहीं मिल सका। थानाध्यक्ष राजेश मीणा का कहना है कि ठेकेदार के बारे में जानकारी की जा रही है।
ग्रामीणों ने कहा, शराब पीने से कई लोगों की हुई है मौत
दन्नाहार (ब्यूरो)। गांव लालपुर में शराब ठेका का विरोध कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि गांव में शराब पीने से करीब 15 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। वह नहीं चाहते की गांव में शराब की बिक्री की जाए।