बरनाहल। कस्बा के समीपवर्ती ग्राम दलेलनगर के ग्रामीण राशन डीलर एवं अन्य समस्याओं पर पोलियो अभियान का बहिष्कार किया। सूचना पर रविवार को एसडीएम अन्य अधिकारियों के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने राशन डीलर की शिकायत पर कोटा दूसरी दुकान से संबद्ध कर दिया। बच्चों को पोलियो खुराक पिलाकर बहिष्कार समाप्त किया।
ग्राम दलेलनगर के ग्रामीणों ने राशन डीलर एवं अन्य परेशानियों के चलते इस बार पोलियो अभियान का बहिष्कार किया। जानकारी पर रविवार को डीएम के निर्देश पर एसडीएम करहल विजयप्रताप, डीपीओ साहब यादव और बीडीओ अमित कुमार गांव पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
एसडीएम ने गांव में जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी जुटाई। ग्रामीणों से कहा कि राष्ट्रीय कार्यक्रम का बहिष्कार करना सही नहीं है। योजनाओं के लाभ से भी वंचित किया जा सकता है। एसडीएम ने गांव के राशन डीलर की शिकायत पर कोटा बरनाहल के राशन डीलर किशनलाल के यहां संबद्ध कर दिया। एसडीएम ने एक बच्चे को पोलियो खुराक पिलाकर बहिष्कार समाप्त कराया। इसके बाद ग्रामीणों ने बच्चों को पोलियो खुराक पिला दी।