मैनपुरी। पुलिस पर पक्षपात और सत्ताधारी नेताओं के इशारे पर कार्य करने का आरोप लगाते हुए हिंदूवादी संगठनों द्वारा शुरू किया गया क्रमिक अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। दोपहर बाद अनशन स्थल पर पहुंचे एसडीएम सदर और सीओ ने अनशन समाप्त करने अनुरोध किया लेकिन संगठनों के पदाधिकारियों ने पांच सूत्रीय मांग पत्र देकर मांगे पूरी नहीं होने तक अनशन जारी रखने की बात कहकर दोनों अधिकारियों को लौटा दिया।
रविवार को दूसरे दिन भी हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारी नगर पालिका के शहीद पार्क में अनशन पर बैठे। 29 जुलाई की देर शाम दूसरे समुदाय के किशोर द्वारा करहल रोड पर कोचिंग से घर लौट रही छात्रा के साथ छेड़खानी के मामले में पीड़ित पक्ष के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज किए जाने से खफा हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस सत्ताधारी नेताओं के इशारे पर समुदाय विशेष के लिए कार्य कर रही है। हिंदू जागरण मंच के जिला महामंत्री ब्रह्मेश चौहान ने कहा कि पुलिस सत्ताधारी नेताओं के इशारे पर समुदाय विशेष के लोगों को खुश करने में जुटी हुई है। मंच के जिलाध्यक्ष राजेश तिवारी ने कहा कि वोट की राजनीति के चलते हिंदुओं के साथ पुलिस द्वारा पक्षपातपूर्ण कार्रवाई की जा रही है। जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोपहर बाद अनशन स्थल पर पहुंचे एसडीएम सदर और सीओ सिटी ने अनशन समाप्त करने का अनुरोध किया लेकिन अनशन पर बैठे पदाधिकारियों ने दो टूक कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं की जाती अनशन जारी रहेगा। पदाधिकारियों ने एसडीएम को पांच सूत्रीय मांग पत्र भी दिया। जिसमें पीड़ित छात्रा के परिवारीजनों के खिलाफ की गई रिपोर्ट निरस्त कराए जाने, भोगांव थाने पर पथराव किए जाने के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, दूसरे समुदाय के युवक द्वारा हिंदू युवती के अपहरण के मामले में युवती की बरामदगी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। अनशन पर बैठने वालों में विहिप के जिलाध्यक्ष उदयभान सिंह राठौर, बजरंग दल के जिला संयोजक सुशील यादव, लक्ष्मण गुप्ता, कविता सिंह, मिथलेश, विवेक दुबे, हैप्पी भदौरिया, प्रगति चंदेल, सीमा चौहान, पायल, गिरजा भदौरिया आदि शामिल थे।
जयवीर सिंह कल पहुंचेंगे अनशन स्थल पर
बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री जयवीर सिंह ने फोन पर बताया कि मंगलवार को वह भी अनशन स्थल पर पहुंचेंगे। आवश्यकता हुई तो पुलिस की तानाशाही के खिलाफ वह भी अनशन पर बैठेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस सपा नेताओं के इशारे पर कार्य करी है। पुलिस प्रशासन की गुंडई के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
फोटो: