Karhal Chunav Result: समाजवादी पार्टी के गढ़ करहल में भाजपा ने कुछ क्षेत्रों में बढ़त बनाते हुए सबको चौंका दिया। वोटों का अंतर कम करते हुए भाजपा ने आगे निकलने का प्रयास जरूर किया, लेकिन सफलता नहीं लग सकी।
Karhal Election Result: मैनपुरी के करहल विधानसभा उप चुनाव के लिए नवीन मंडी में शनिवार को सुबह 8 बजे से मतों की गिनती शुरू हो गई थी। मतगणना के दौरान क्षेत्रवार अलग-अलग राजनीतिक दलों को बढ़त मिलती दिखी। पंचवटी में जहां कमल खिला तो वहीं करहल में सरपट साइकिल दौड़ी। मतगणना में उतार चढ़ाव के साथ ही कार्यकर्ताओं के चेहरों के भाव भी बदलते रहे।
करहल में रहा कड़ा मुकाबला
सपा और भाजपा के बीच करहल सीट पर कड़ा मुकाबला रहा। मतगणना शुरू होने के बाद सबसे पहले करहल विकास खंड के मतदेय स्थलों की मतगणना शुरू हुई। इसमें पहले ही राउंड में सपा ने बढ़त बना ली। दूसरी राउंड में भाजपा ने अधिक वोट हासिल किए, फिर भी पीछे ही रही। इसके बाद 11वें राउंड तक सपा लगातार बढ़त बनाती गई। 12वें राउंड में भाजपा ने फिर एक बार अधिक वोट प्राप्त किए, लेकिन सपा को पीछे नहीं कर सकी। इसके बाद 16वें राउंड तक करहल के मतदेय स्थलों की गिनती में साइकिल सरपट दौड़ती रही। 16 राउंड तक सपा 24277 वोटों से आगे हो गई।
विज्ञापन
भाजपा ने की वापसी
इसके बाद मैनपुरी विकास खंड के पंचवटी में शामिल मतदेय स्थलों की गणना शुरू हुई तो भाजपा ने वापसी की। आगामी चार राउंड में ही भाजपा ने ये अंतर घटाकर 17964 पर ला दिया। दरअसल पंचवटी में शामिल नगला जुला, औड़ेन्य, पड़रिया, बिछिया, झिंझाई और आसपास के क्षेत्र में भाजपा का भरपूर वोट मिला।
यहां पर रही बराबरी
इसके बाद बरनाहल और घिरोर क्षेत्र की मतगणना में मुकाबला लगभग बराबरी पर ही चलता रहा। किसी राउंड में सपा आगे होती तो किसी में भाजपा अधिक वोट लेकर सपा के अंतर को कम कर देती। 27वें राउंड तक सपा 20 हजार से अधिक वोटों से आगे चल रही थी। लेकिन अगले ही राउंड से फिर भाजपा ने बढ़त बनानी शुरू की। आखिरी 32वें राउंड तक भाजपा की बढ़त जारी रही। लेकिन सपा पहले से ही इतनी बढ़त बना चुकी थी कि भाजपा को जीत नहीं मिल सकी। हालांकि सपा की जीत का अंतर कम करने में इससे मदद मिली।
नहीं चला बसपा का शाक्य कार्ड
बसपा ने इस बार शाक्य मतदाताओं का साथ हासिल करने के लिए शाक्य प्रत्याशी उतारा था। बसपा अपना परंपरागत वोट भी हासिल नहीं कर सकी, जिसके चलते जमानत भी जब्त हो गई।
घटता तो कभी बढ़ता रहा हार-जीत का अंतर
नवीन मंडी में कुल 32 राउंड में करहल विधानसभा क्षेत्र की गणना पूरी हुई। प्रत्येक राउंड में हार-जीत का आंकड़ा ऊपर-नीचे होता रहा। पहले राउंड में सपा प्रत्याशी तेजप्रताप सिंह आगे रहे तो वहीं दूसरे राउंड में भाजपा प्रत्याशी अनुजेश सिंह ने बढ़त बनाई। इसके बाद फिर सपा जीत की ओर दौड़ती नजर आई। सपा ने जब 24 हजार वोटों की बढ़त बना ली तो एक बार फिर से भाजपा ने 17वें राउंड में वापसी की और आगामी चार राउंड में जीत का अंतर कम करते हुए 18 हजार तक ला दिया। इसके बाद मुकाबला कभी ऊपर तो भी नीचे चलता रहा। मतगणना शुरू होन से लेकर अंत तक बसपा प्रत्याशी अवनीश कुमार शाक्य एक बार भी बढ़त नहीं बना सके। वे तीसरे स्थान पर ही रहे।