मैनपुरी। पिंकी ने जमीन के एक छोटे से टुकड़े के लिए रिश्तों का कत्ल कर दिया। आरोपी ने एक बार भी नहीं सोचा कि जिस महिला की वह हत्या कर रहा है, उसकी बेटी को वही महिला एक मां की तरह पाल पोस रही थी। इस महिला ने ही अपनी सगी भतीजी से शादी करा कर उसका परिवार भी बसाया था।
पांच बीघा जमीन के लिए पिंकी काफी समय से चाची नीलम पर दबाव बना रहा था। चाची के मना करने पर ही उसके आवेश ने रौद्र रूप धारण कर लिया और उसने नीलम की निर्मम हत्या कर दी। नीलम और पिंकी के संबंध कुछ सालों पहले ऐसे नहीं थे। दोनों के बीच चाची और भतीजे का प्यार भरा रिश्ता था। दोनों में खूब पटती थी। पिंकी ने कई बार अपनी चाची से उसकी शादी करने के लिए कहा इसके बाद नीलम ने ही अपनी सगी भतीजी प्रियंका से करीब 6 साल पहले उसकी शादी कराई थी। नीलम की कोई संतान नहीं थी, जब प्रियंका को बेटी हुई तो उसकी बेटी को एक मां की तरह प्यार और दुलार दिया। प्रियंका की शादी के करीब साढ़े 4 साल बाद उसके एक बेटा हुआ, जिसके तीन दिन बाद प्रियंका की मौत हो गई थी। मौत के बाद नीलम उसकी 5 साल की बेटी रोशनी का लालन-पालन कर रही थी, उसे अपने साथ घर में सुलाती थी।
पुलिस के अनुसार जब उन्होंने हत्या के बाद पूछताछ की तो पता चला कि पिंकी की 5 साल की बेटी अधिकतर नीलम के साथ ही उसके घर में सोई थी। नीलम की संतान नहीं थी। इसीलिए वह बच्ची को अपनी बेटी की तरह प्यार करती थी और उसका लालन-पालन भी करती थी। 5 बीघा जमीन के एक टुकड़े के लिए पिंकी ने अपनी चाची की हत्या कर दी। रात को चारपाई पर सोते समय पिंकी ने नीलम की गर्दन पर तमंचे से उसे गोली मार दी और फरार हो गया।