लखनऊ से पुन: दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री का पद लेकर लौटे वरिष्ठ नेता सुभाष चंद्र यादव का गुरुवार को सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। मंत्री लालबत्ती लगी गाड़ी से इटावा होते हुए शाम कस्बा पहुंचे। नगर के प्रवेश द्वार दुमीला पर एकत्र कार्यकर्ता नारेबाजी कर जुलूस के रूप में राज्यमंत्री यादव को उनकी कोठी तक लेकर पहुंचे। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह उनका स्वागत हुआ।
इस मौके पर कार्यकर्ताओं व समर्थकों को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री सुभाष यादव ने कहा कि हालांकि ओहदे भी महत्वपूर्ण हुआ करते हैं, लेकिन उन सबसे ऊपर होता है पार्टी नेतृत्व का विश्वास। सपा हाईकमान ने उनमें जो विश्वास व्यक्त किया है, उस कसौटी पर खरा उतरने के लिए वह अपनी ओर से भरसक कोशिश करेंगे। मिशन 2017 को कामयाब बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं का पूरी ताकत के साथ लग जाने को आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि युवा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा सरकार ने जो जन कल्याणकारी कार्य किए हैं, जनता उनसे बहुत प्रभावित है।
यादव ने कहा कि प्रदेश की दो विधानसभा सीटें बिल्लारी और जंगीपुर पर हुए उपचुनाव में सपा प्रत्याशियों की शानदार जीत ने साबित कर दिया है, राज्य की जनता सपा की ही सरकार सत्ता में बरकरार रखना चाहती है। इस मौके पर सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।