मैनपुरी में एक थाने की घंटी बजी। फोन उठा तो सामने से आवाज आई..साहब चुपचाप शव जला दिया गया है। खबर पर भागते हुए पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हड्डियां जांच के लिए भेजी हैं।
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां थाने की घंटी बजी। सिपाही ने फोन उठाया तो आवाज आई...साहब गांव आ जाइए परिजन चुपचाप किशोरी का शव जलाए दे रहे हैं। खबर सुन पुलिस तत्काल गांव पहुंची। परिजन से बात करके जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
घटना औंछा थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव की है। गांव निवासी नरेंद्र राजपूत की 14 वर्षीय पुत्री बबली की रविवार की रात मौत हो गई। आनन-फानन परिजन ने शव को जला दिया। इस बीच सोमवार की सुबह किसी ग्रामीण ने पुलिस को फोन करके सूचना दी। कहा कि परिजन ने हत्या करने के बाद शव को जला दिया है।
किशोरी की हड्डियां जांच के लिए भेजीं
सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजन से बात करके जानकारी ली। किशोरी के पिता ने बताया कि मां से कहासुनी होने के बाद पुत्री ने पंखे के कुंडे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। इसके बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस ने संस्कार स्थल से किशोरी की हड्डियों को एकत्र कर जांच के लिए कब्जे में लिया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है
एसपी विनोद कुमार ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजन व ग्रामीणों से जानकारी ली। पता चला कि किशोरी द्वारा खुदकुशी की गई है। जिस व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी। उसका नंबर स्विच ऑफ जा रहा है। जांच के लिए नमूने लिए गए हैं। प्रथम दृष्टयता मामला खुदकुशी का है। जांच के दौरान जो भी तथ्य आदि सामने आएंगे। उसके आधार पर पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।