मैनपुरी। नववर्ष के स्वागत के लिए शहर और कसबा में अभी से तैयारियां होने लगी हैं। पार्टियों के लिए होटलों के अलावा रेस्टोरेंट और गिफ्ट गैलरियां सज गई हैं। वहीं युवाओं ने भी मौजमस्ती और घूमने की योजना बना ली है। वहीं मध्यमवर्ग के परिवार वालों ने इस अवसर पर घर पर रहकर ही नववर्ष का स्वागत करने की तैयारी की है।
नववर्ष के स्वागत के लिए हर कोई आतुर है। चाहे वह युवा हो बच्चे हों या फिर बुजुर्ग। वहीं व्यापारियों ने भी नए साल पर सभी तैयारियां कर ली हैं। फास्ट फूड की शाप हो या फिर रेस्टोरेंट सभी ने सजावट आदि कर ग्राहकों को लुभाने की तैयारी कर ली है। इसके गिफ्ट गैलरी संचालकों ने भी नववर्ष को लेकर स्पेशल गिफ्ट मंगा लिए हैं।
सबसे अधिक तैयारी युवा वर्ग ने की है। युवाओं ने दोस्तों के साथ घूमने का प्लान बनाया है। कुछ युवा अन्य शहरों में घूमने के लिए निकल जाएंगे तो कुछ यहीं पर होटल एवं रेस्टोरेंट में पार्टी कर नए वर्ष का स्वागत करेंगे। वहीं मध्यम वर्ग के लोगों ने घर पर रहकर ही नववर्ष का स्वागत करने की योजना बनाई है। इसके लिए वह घर पर तैयारियां करने में जुटे रहे। कुल मिलाकर सभी वर्ग अपने-अपने योजना के अनुसार नववर्ष का स्वागत करने की तैयारी में जुटे हैं।