उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में शुक्रवार की शाम आगरा रोड पर नवीन मंडी के पास कंटेनर से कुचलकर एक पल्लेदार की मौत हो गई। वह बाजार से दवा लेकर मंडी जा रहा था। चालक कंटेनर लेकर मौके से भाग गया। पुलिस ने सिरसागंज रोड से कंटेनर को कब्जे में ले लिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विज्ञापन
थाना कोतवाली क्षेत्र के नगला कैथ गांव निवासी आकाश 24 वर्ष नवीन मंडी में पल्लेदारी करता था। वह आगरा रोड पर नवीन मंडी के पास किराए के मकान में रहता था। उसको दो दिन से बुखार आ रहा था। शुक्रवार को वह घर से पल्लेदारी करने मंडी गया था। बुखार में कमी नहीं होने पर वह बाइक से दवा लेने के लिए ज्योंती तिराहे के पास एक मेडिकल स्टोर से डॉक्टर की लिखी हुई दवा लेने के लिए गया था।मेडिकल स्टोर से दवा लेने के बाद वह बाइक से वापस मंडी जा रहा था।
मंडी गेट के सामने पीछे से आए एक कंटेनर ने उसको कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक कंटेनर लेकर मौके से भाग गया। मौके पर राहगीर जमा हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके से भागे कंटेनर को सिरसागंज रोड से कब्जे में ले लिया। चालक कंटेनर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने कंटेनर पर लिखे नंबर के आधार पर चालक की पहचान शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
परिवार चलाने की थी जिम्मेदारी
आकाश पल्लेदारी करके परिवार चलाता था। उसकी सात महीने पहले शादी हुई थी। पत्नी के अलावा दो छोटे भाई पुनीत और राजेश की भी वह देखभाल करता था। पहचान होने के बाद पुलिस ने उसके परिजन को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही परिजन सहित परिचित जिला अस्पताल पहुंच गए।