बिना काम कर दिया 16 लाख का भुगतान
- फोटो : अमर उजाला
नगर पंचायत के आदर्श तालाब के नाम पर 16 लाख रुपये का गलत भुगतान कर दिया गया। सभासद द्वारा शिकायत करने पर एसडीएम ने तालाब की जांच की।अनियमितता पर नाराजगी जताते हुए अधिशासी अधिकारी से इसका जवाब मांगा है। नगर पंचायत किशनी के सभासद आदेश गुप्ता ने एसडीएम अविनाश चंद्र मौर्य से शिकायत की थी कि हवेली में बन रहे तालाब में मिट्टी डलवाने के नाम पर 16 लाख रुपये का गलत तरीके से भुगतान किया गया है। जबकि मौके पर मिट्टी नहीं डलवाई गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को एसडीएम अविनाश चंद्र मौर्य हवेली में तालाब का निरीक्षण करने पहुंचे। वहां उन्होंने बाहर से पड़ी हुई मिट्टी नहीं मिली। इस पर उन्होंने ईओ कल्पना बाजपेई से जवाब मांगा। इस दौरान बुलाने पर भी ठेकेदार मौके पर नहीं आए। वहीं मौके पर मौजूद भाजपा नेता रामनरेश गुप्ता ने एसडीएम से शिकायत की कि नगर पंचायत में ऐसे कई भुगतान हो चुके हैं, जिनकी जांच होनी चाहिए। एसडीएम ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में बाहर से आई हुई मिट्टी मौके पर नहीं मिली है। ईओ से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जांच के दौरान रविंद्र सिंह भदौरिया, शिवकुमार गुप्ता, राजू गुप्ता, सभासद प्रतिनिधि गुड्डू मिश्रा, बॉबी भदौरिया, राजा दुबे, शिवानू चौहान, श्यामबिहारी मिश्र आदि लोग मौजूद रहे।
नगर पंचायत के तालाब का लाखों रुपये के गलत भुगतान का मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एके श्रीवास्तव
एडीएम,मैनपुरी