दूसरों से पहले अपने से होगा जूझना
- फोटो : अमर उजाला
विधानसभा चुनावों में भाजपा को भोगांव सीट पर दूसरों से पहले अब अपनों से ही जूझना होगा। पूर्व घोषित प्रत्याशी राहुल राठौर के नामांकन पत्र वापस लेने से मना करने और नए प्रत्याशी रामनरेश अग्निहोत्री के नामांकन करने से पार्टी के अंदर ही कार्यकर्ता दो फाड़ हो गए हैं।
उल्लेखनीय है कि भाजपा ने पहले भोगांव सीट से राहुल को टिकट दी थी। दो दिन पहले पार्टी ने उनकी टिकट काट कर रामनरेश अग्निहोत्री को दे दी। इसके बाद राहुल समर्थक मंगलवार सुबह से ही राहुल के घर पर एकत्रित हो गए। राहुल राठौर का कहना है कि समर्थकों की मांग पर वो अपना पर्चा वापस नहीं लेंगे। इसके लिए उन्होंने समर्थकों के कहने पर भोगांव के रामलीला मैदान में एक सभा भी बुलाई है। दिन भर राहुल के घर पर कार्यकर्ता जमे रहे।
वहीं दूसरी ओर मंगलवार सुबह जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता के साथ रामनरेश अग्निहोत्री ने अपना नामांकन पत्र भोगांव विधानसभा सीट से दाखिल कर दिया। इसको लेकर अब पार्टी में तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। पार्टी के नेताओं को अब दूसरी पार्टी देखना यह है कि अब भाजपा के नेता इस स्थिति से किस प्रकार निपटते हैं। हालांकि जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता का कहना है कि पार्टी में पैदा हुई वर्तमान स्थिति का शीघ्र हल निकाल लिया जाएगा।