उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में 29 जुलाई को हुए सड़क हादसे में घायल वृद्ध की मौत हो गई। अंतिम संस्कार आदि करने के बाद शुक्रवार को थाने पहुंचे पुत्र ने स्कूटी चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद मामले में जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
दन्नाहार थाना क्षेत्र के रठेरा गांव निवासी रोहित नंदन ने कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस को बताया कि पिता सोबरन सिंह 29 जुलाई की सुबह करहल चौराहा से करहल रोड की ओर जा रहे थे। एक दुकान के सामने पहुंचे तभी पीछे से आ रहे स्कूटी चला रहे युवक ने टक्कर मार दी थी। हादसे में पिता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वहीं स्कूटी चालक मौके से गाड़ी लेकर भाग गया था।
यह भी पढ़ेंः- UP: चंबल की धारा में चार महीने में तीसरी बार फंसी यात्रियों की जान, पहले की घटनाओं से सबक लिया न कोई एक्शन
जिला अस्पताल से पिता को मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर गया था। दो अगस्त को वह पिता को डिस्चार्ज कराने के बाद घर ले आया था। उनकी हालत खराब होने पर नौ अगस्त को जिला अस्पताल में भर्ती कराया तो पिता ने दम तोड़ दिया। अंतिम संस्कार आदि करने के बाद शुक्रवार को रोहित नंदन ने स्कूटी चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।