घिरोर। अपराजिता 100 मिलियन स्माइल के तहत बुधवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज शाहजहांपुर में अमर उजाला फाउंडेशन के तहत अपराजिता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। प्रशिक्षक अजीत कुमार यादव ने करीब 150 छात्राओं को मार्शल आर्ट के अभ्यास कराकर आत्म रक्षा का ज्ञापन दिया।
अपराजिता कार्यक्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज शाहजहांपुर के साथ, कंपोजिट विद्यालय शाहजहांपुर की छात्राओं ने भी प्रतिभाग किया। प्रशिक्षक ने शिविर में पंच को मजबूती से कसकर हिट करना, सिंगल फेस पंच, फ्रंट चाप, ओपन फ्रंट चाप, साइड ब्लाक, अपर ब्लाक की जानकारी दी। साथ ही कोहनी के अटैक से विरोधी के चेहरे व नाक पर जोरदार प्रहार करना सिखाया गया। बताया कि यदि कोई आसामाजिक तत्व पीठ के पीछे से आकर दोनों हाथों से पकड़ ले तो आगे जमीन की ओर झुक कर गिरा सकते हैं। कलाई पकड़ने पर हाथ द्वारा छुड़ाकर बचाव करना एवं काउंटर अटैक कर वॉर करना सिखाया। छात्राओं ने विपरीत परिस्थिति में स्कूटी एवं साइकिल की चाबी, मोबाइल फोन, स्कूल बैग, पर्स, पैन, नाखून, दांतों, हेयर बैंड व हेयर क्लिप का प्रयोग हथियार के रूप में प्रयोग करना सीखा। इस दौरान विक्रम सिंह, आभा, रिंकू कुमारी, नितिन पांडेय, आशिम खान आदि शिक्षिकाएं भी मौजूद रहीं।
इन छात्राओं का किया गया सम्मान
शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के साथ अपराजिता कार्यक्रम के संबंध में कार्यक्रम के संबंध में पूछने पर सही जवाब देने वाली छात्रा अंजली, रश्मी, खुशबू, रोशनी और रुचि को अमर उजाला की ओर से पुस्तक देकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य विक्रम सिंह, अध्यापक अशोक यादव, प्रगति वर्मा ने भी छात्राओं को आत्म रक्षा के लिए प्रेरित किया।