चारों विधानसभाओं में प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होते ही अधिकारियों ने ऐसे गांवों, पोलिंग स्टेशन और व्यक्तियों की पहचान करना शुरू कर दिया है जो वल्नरेबल की श्रेणी में आते हैं। इस दौरान जिले में बड़ी संख्या में ऐसे मजरों और लोगों को चिह्नित किया गया है जो वल्नरेबल की श्रेणी में आते हैं। डीएम ने बताया कि ऐसे मजरों और पोलिंग स्टेशनों पर विशेष नजर रखी जा रही है। वहीं चिह्नित व्यक्तियों को भी पाबंद करने की कार्रवाई की गई है।
मतदान आते ही जिले में ऐसे गांवों, पोलिंग स्टेशनों और व्यक्तियों को चिह्नित करने की कार्रवाई पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने शुरू कर दी है जहां विभिन्न कारणों से मतदान प्रभावित होता रहा है या फिर आगामी चुनावों में मतदान प्रभावित हो सकता है। पिछले दिनों चारों विधानसभाओं में प्रत्याशी फाइनल होने के बाद अधिकारियों ने वल्नरेबल मजरों, पोलिंग स्टेशनों, व्यक्तियों को चिह्नित करने का कार्य पूरा कर लिया है। इस सूची के अनुसार आगामी चुनावों के लिए जिले में 143 मजरों को चिह्नित किया है जहां पर जाति विशेष के लोग मतदान को प्रभावित कर सकते हैं। इसी प्रकार कुल 53 पोलिंग स्टेशन ऐसे हैं जहां पर मतदान प्रभावित हो सकता है। वहीं जिले में 263 ऐसे व्यक्तियों को भी चिह्नित किया गया है जो मतदान को प्रभावित कर सकते हैं। इसके बाद अधिकारियों ने उक्त मजरों, पोलिंग स्टेशनों पर विशेष नजर रखी जा रही है। वहीं संबंधित व्यक्तियों को भी पाबंद किया जा रहा है।
क्या है वल्नरेबिलिटी
वल्नरेबिलिटी का सामान्य अर्थ होता है वह स्थान जहां पर विभिन्न कारणों से एक व्यक्ति दूसरे व्यक्ति को, समुदाय या जाति दूसरे समुदाय या जाति को प्रभावित कर सकता है। चाहे वह संख्या बल हो, बाहुबल हो, धनबल हो या फिर अन्य कोई कारण। चुनाव के परिप्रेक्ष्य में ऐसे लोगों, स्थानों व मजरों को चिह्नित किया जाता हैं जहां पर मतदान किसी भी कारण से प्रभावित किया जा सकता है।
निष्पक्ष मतदान कराने के लिए जिले में वल्नरेबल मजरों, पोलिंग स्टेशनों व व्यक्तियों को चिह्नित किया जा चुका है। संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
-चंद्रपाल सिंह, जिलाधिकारी मैनपुरी
जिले में चिह्नित किए गए मजरों, पोलिंग स्टेशनों और व्यक्तियों की प्रतिदिन निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही इसकी रिपोर्ट भी प्रतिदिन मांगी जा रही है। ताकि जिले में निष्पक्ष मतदान को प्रभावित न होने दिया जाए।
- सुनील कुमार सक्सेना, एसपी मैनपुरी