किशनी। गांव खिदरपुर की रहने वाली एक महिला ने घर में घुसे कुछ लोगों पर धारदार हथियार से हमला कर घायल करने व नकदी जेवर लूट ले जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। वहीं, पुलिस घटना को संदिग्ध बताते हुए जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है।
थाना क्षेत्र के गांव खिदरपुर निवासी रविदास सिंह ने बताया कि मंगलवार रात को गांव के रहने वाले कुछ लोग उनके घर में चोरी के इरादे से घुस आए। उन्होंने घर में रखे सोने-चांदी के जेवर आदि चोरी कर लिए थे। तभी आहट पाकर उनकी पत्नी सरोजनी जाग गईं और शोर मचाया। इस पर हमलावरों ने पत्नी के सिर में किसी धारदार हथियार से वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और नकदी व जेवर लूट कर भाग गए। पीड़ित परिवार ने थाने में नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी, किशनी ने बताया कि मामले में चोरी व हमले की तहरीर मिली है। प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है, शिकायत पर गहनता से जांच की जा रही है। सत्यता के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।