मैनपुरी। जिले में गैस आपूर्ति प्रभावित होते ही एलपीजी का संकट खड़ा हो गया है। गैस एजेंसियों ने ऑनलाइन बुकिंग बंद कर दी है। इसके बाद ऑफ लाइन बुकिंग के लिए बुधवार को जिले की एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ नजर आई। आपूर्ति कम होने के कारण सुबह से लेकर शाम तक एजेंसियों पर लोगों की भीड़ नजर आई। कई लोग भीड़ के कारण बुकिंग न होने के चलते बिना सिलिंडर लिए ही वापस चले गए। एलपीजी की आपूर्ति के लिए जिले में 30 एजेंसियां संचालित हैं। इन एजेंसियों पर प्रतिदिन 3000 से 4000 सिलिंडर की मांग है। सरकार की ओर से 50 प्रतिशत आपूर्ति बंद कर दी गई है। इससे उपभोक्ताओं को एलपीजी की सप्लाई भी प्रभावित हो गई है। आपूर्ति बाधित होते ही एजेंसियों के संचालकों ने ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था को भी बंद कर दिया है। बुधवार को लोग ऑनलाइन बुकिंग के लिए परेशान रहे। ऑनलाइन बुकिंग नंबर लगाने पर संबंधित नंबर लगातार बंद जा रहा था। मजबूरी में लोग एजेंसी पर गैस की बुकिंग कराने पहुंचे तो यहां सुबह से ही भीड़ देखी गई। शाम 5 बजे तक लोग बुकिंग के लिए एजेंसियों पर लाइन में लगे देखे गए।
-
होटल और रेस्तरां बंदी की कगार पर
सरकार की ओर से व्यावसायिक एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह से बंद कर दी गई है। ऐसे में जिले के रेस्तरां बंदी की कगार पर पहुंच गए हैं। पिछले पांच दिन से जिले के होटल और रेस्तरां पर एलपीजी के व्यावसायिक सिलिंडरों की सप्लाई नहीं दी जा रही है। यहां भी 50 प्रतिशत कारोबार प्रभावित हुआ है।
-
व्यावसायिक सिलिंडर न मिलने से रेंस्तरां कारोबार पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है। एलपीजी न होने से व्यंजनों की संख्या घटा दी गई है। पिछले 4 से 5 दिन में सिलिंडर नहीं मिलने से परेशानी बढ़ रही है। बेकरी के काम पर भी वितरित प्रभाव पड़ रहा है। बेकरी में बनने वाले ब्रेड, बिस्कुट, केक, पेस्ट्री, बन, रस्क और पिज्जा बेस का काम ठप हो गया है।
- क्षितिज स्वरुप, नारायण मिष्ठान भंडार।
व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति न होने से होटल और रेस्तरां कारोबार बंदी की कगार पर पहुंच गया है। कई दिनों से सिलिंडर उपलब्ध न होने से स्टॉक भी समाप्त होने पर है। ऐसे में आने वाले दो-तीन दिनों में स्थिति असामान्य होने से कारोबार पर बुरा असर पड़ सकता है। एलपीजी उपलब्ध न होने से रेस्तरां में व्यंजन नहीं बनने के ग्राहक लौटने से प्रतिदिन हजारों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
- आयुष गुप्ता, बृजवासी स्वीट्स।
-
ब्लैक में 1300 रुपये तक घरेलू सिलिंडर की बिक्री
घरेलू गैस सिलिंडर की आपूर्ति प्रभावित होते ही ब्लैक मार्केटिंग का धंधा भी तेज हो गया है। कुछ हॉकर लोगों से 1300 रुपये लेकर उन्हें सिलिंडर दे रहे हैं। बुधवार को शहर के लोगों में इसकी चर्चा रही। हालांकि जिला प्रशासन ने ऐसे लोगों से सावधान रहने को कहा है। किसी प्रकार की ब्लैक की बात आने पर तत्काल सूचना देने की सलाह दी गई है।
-
शादी वाले घरों के लोग हुए चिंतित
व्यावासयिक सिलिंडर पर रोक से जिन घरों में हाल ही में शादी है उन घरों के लोग परेशान हैं। उन्हें चिंता सता रही है कि कहीं उनके बेटे और बेटी की शादी के समय भी इस प्रकार का संकट न खड़ा रहे। वे लोगों से घरेलू गैस सिलिंडर की मांग करते हुए नजर आ रहे हैं। शहर निवासी अरविंद कुमार की पुत्री की अप्रैल में शादी है। उनका कहना था कि उन्हें करीब 15 व्यावसायिक सिलिंडर की जरूरत है। यदि यही मारामारी रही तो उन्हें कहीं शादी की तिथि न बढ़ानी पड़े।
-
छोटे कारोबारियों ने बढ़ाई खाद्य पदार्थों की कीमतें
व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति बंद होने से छोटे कारोबार भी प्रभावित हो रहे हैं। शहर में सड़कों के किनारे ठेल पर टिक्की, कचौड़ी, समोसा, चाउमीन, भटूरे आदि के कारोबारियों ने भी कीमतें बढ़ा दी हैं। शहर के देवी रोड निवासी दीपक ने बताया कि पहले छोले भटूरे की एक प्लेट 30 रुपये में मिलती थी उसकी कीमत अब 40 रुपये कर दी गई है। दुकानदार दीपू ने बताया कि सिलिंडर मिलने में दिक्कत के कारण उसे कीमत बढ़ानी पड़ी है।
कारीगरों की रोजी रोटी पर भी संकट
गैस की किल्लत के कारण जिले के होटल और रेस्तरां पर काम करने वाले कारीगरों की रोजी रोटी पर भी संकट खड़ा हो गया। होटल और रेस्तरां संचालकों ने काम कम होने के कारण कारीगरों की छुट्टी कर दी है। ऐसे में कारोबारियों की जीविका पर संकट खड़ा हो गया है। शहर के करहल रोड निवासी हलवाई का काम करने वाले रामवीर ने बताया कि वह शहर के एक रेस्तरां पर मिठाई बनाता था काम कम होने के कारण उसकी छुट्टी कर दी गई है।
गैस बुकिंग के लिए आया था। यहां भीड़ लगी हुई है। करीब एक घंटे से नंबर नहीं आया है। इसके चलते परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रामानंद, बागवान मोहल्ला
-
घर पर गैस खत्म हो गई ऑनलाइन बुकिंग का कई बार प्रयास किया लेकिन बुकिंग नहीं हो सकी। इसलिए ऑफ लाइन बुकिंग के लिए आया हूं। यहां बहुत भीड़ है।
सनी, कटरा
-
गैस बुकिंग के लिए घर से कई प्रयास किए लेकिन बुकिंग नहीं हो सकी। हॉकर से बात की तो उसने भी मना कर दिया। यहां आई तो यहां भीड़ लगी हुई र्है।
बेबी, नगला दखली
-
पहले घर से बुकिंग पर ही घर पर गैस पहुंच जाती थी। अब घर से बुकिंग के कई प्रयास किए लेकिन बुकिंग नहीं हो सकी। यहां डेढ़ घंटे से खड़ी हूं। नंबर नहीं आ पा रहा है।
साधना, गोपाल नगर
-
गैस की किसी प्रकार की समस्या वर्तमान में नहीं है। एजेंसियों पर अचानक मांग बढ़ी है। पहले की आपूर्ति के अनुसार उन्हें सप्लाई दी जा रही है। सर्वर की समस्या के कारण ऑनलाइन बुकिंग में दिक्कत आ रही है। तीन बदलाव किए गए हैं। 25 दिन के बाद ही बुकिंग हो सकेगी। ओटीपी अब केवल उपभोक्ता ही दर्ज कर सकेगा। व्यावसायिक सिलिंडर पर रोक लगाई गई है। शादी वाले घरों के लिए जल्द ही सरकार कोई व्यवस्था करेगी अभी इसकी कोई गाइड लाइन जारी नहीं हुई है। लोग अफवाहों से बचें। अपनी एजेंसी से गैस प्राप्त करें।
रमन मिश्रा, जिलापूर्ति अधिकारी मैनपुरी
फोटो 32- गैस बुकिंग के लिए एक एजेंसी पर भीड़ में दबे लोग। संवाद
फोटो 32- गैस बुकिंग के लिए एक एजेंसी पर भीड़ में दबे लोग। संवाद