फोटो 44 गांव नबादा में कंपोजिट स्कूल से गुजरती बिजली की लाइन।
मैनपुरी। जिले के परिषदीय स्कूलों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन हादसों को आमंत्रण दे रही हैं। बेसिक शिक्षा विभाग ने लाइन हटाने के लिए बिजली विभाग को पत्र लिखा तो बिजली विभाग ने 33 लाख की धनराशि का प्रस्ताव थमा दिया। यदि यहां हादसा हुआ तो बच्चों की जान संकट में पड़ सकती है। हाईकोर्ट ने आदेश जारी कर स्कूलों के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइनों को हटाने के निर्देश प्रदेश सरकार को दिए थे। जिले में 100 से अधिक स्कूलों के ऊपर से बिजली की लाइन गुजर रही थीं। इनमें से 60 विद्यालयों से गुजर रही लाइनों को हटा दिया गया है। लेकिन 40 स्कूल अभी भी ऐसे हैं जहां आज भी स्कूलों अथवा बाउंड्रीवाल के ऊपर से बिजली की लाइन गुजर रही है जो किसी भी समय छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के लिए खतरा बन सकती है। बीएसए दीपिका गुप्ता ने बताया कि बिजली विभाग को इसके लिए पत्र लिखा गया था। उनकी और से 33 लाख की धनराशि का खर्च बताया गया है। इसका प्रस्ताव बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजा गया है। धनराशि मिलते ही बिजली विभाग को उपलब्ध कराते हुए लाइन हटाने का कार्य किया जाएगा।