संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 25, 26 एवं 27 अप्रैल को दो सत्रों में 11 परीक्षा केंद्रों पर पीआरपीबी-बी. होमगार्ड संवर्ग के पदों पर लिखित परीक्षा होगी। 20736 परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे। बृहस्पतिवार को स्टैटिक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों के साथ जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बैठक की।
उन्होंने कहा कि कई विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान परीक्षा से संबंधित मूलभूत सुविधाओं का अभाव दिखा। क्रिश्चियन इंटर कॉलेज, डॉ. बीआर आंबेडकर पीजी कॉलेज, चित्रगुप्त इंटर कॉलेज, दयानंद इंटर कॉलेज में व्यवस्थाएं पर्याप्त नहीं मिलीं। साफ-सफाई भी नहीं मिली। स्ट्रॉग रूम भी एसओपी के अनुसार नहीं बनाया गया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी से कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक एक एंबुलेंस मय चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टॉफ उपलब्ध रहें। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर ठंडे पानी के एक एक टैंकर की व्यवस्था करें। टैंकर का पानी प्रतिदिन बदला जाए।
उन्होंने कहा कि प्रथम पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 10 बजे से 12 बजे तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न तीन बजे से पांच बजे तक सम्पन्न होगी। सनातन धर्म इंटर कॉलेज में 480, क्रिश्चियन इंटर कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, श्री चित्रगुप्त इंटर कॉलेज 384-384, दयानंद इंटर कॉलेज, डा. बीआर आंबेडकर महाविद्यालय, राजकीय इंटर कॉलेज, कुं. रामचंद्र सिंह लालसिंह कन्या इंटर कॉलेज, कुं. आरसी महिला पीजी कॉलेज, चित्रगुप्त महाविद्यालय एवं श्री एकरसानंद इंटर कॉलेज में 240-240 परीक्षार्थी परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे। परीक्षा के लिए 11-11 सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेशचंद्र, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी शिवम मिश्रा, उप जिलाधिकारी अभिषेक कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार मौजूद रहे।