मैनपुरी। मैनपुरी क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में सुधींद्र देव शुक्ला स्मृति अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को खेले गए मैच में एमसीए पिंक की टीम ने एमसीए ब्लू को आठ विकेट से हराया।
एमसीए पिंक की टीम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। एमसीए ब्लू ने निर्धारित 25 ओवर के मैच में 18.3 ओवर में 83 रन बनाए। अंश पांडेय ने 21 और कुलदीप सिंह ने 13 रन बनाए। पिंक टीम के यश यादव ने चार और सिद्धार्थ ने दो विकेट लिए। जीत के लिए लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमसीए पिंक ने 16 ओवर में दो विकेट खोकर 84 रन बनाकर मैच जीत लिया। राजवर्धन ने नाबाद 28 और अखिल ने 23 रनों की पारी खेली। टीम ब्लू के दीपांशु और अंश पांडेय ने एक-एक विकेट प्राप्त किया। अंपायरिंग सुनील शुक्ला और सिद्धार्थ चौहान ने, स्कोरिंग शिवम शुक्ला ने की।