भोगांव। मैनपुरी मार्ग पर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में टीकाकरण के बाद एक छात्र की हालत गंभीर होने की खबर छपने के बाद बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम छात्र के घर पहुंची। परिजन को हर संभव मदद का भरोसा दिया।
मोहल्ला भीमनगर निवासी संतकुमार का 12 वर्षीय पुत्र अंकित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 6 का छात्र है। 23 अगस्त को विद्यालय में अंकित का भी टीकाकरण किया गया था। संतकुमार के अनुसार घर पहुंचने पर उसकी तबीयत खराब हो गई। उसके एक हाथ और पैर ने काम करना बंद कर दिया। संवाद न्यूज एजेंसी की इस खबर को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। बुधवार को डीआईओ विनय शुक्ला, डॉ. अनुज यादव, राघव सिंह और राधा दिवाकर की टीम अंकित के घर पहुंची। छात्र एवं परिजन से जानकारी जुटाई। जिला टीकाकरण कार्यक्रम अधिकारी विनय शुक्ला ने बताया कि छात्र के खून एवं अन्य सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सही वजह का पता चल सकेगा। संवाद