फोटो 27 पावर हाउस क्षेत्र के बिजली की मरम्मत करते कर्मी। स्रोत निगम
मैनपुरी। गर्मी और उमस के बीच बिजली कटौती ने शहरवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। बुधवार को देवी रोड उपकेंद्र क्षेत्र में मरम्मत कार्य के चलते कई मोहल्लों में करीब पांच हजार से अधिक घरों की बिजली आपूर्ति तीन घंटे बाधित रही। इसके अलावा पावर हाउस, ज्योंती रोड और सिविल लाइन उपकेंद्र क्षेत्रों में भी अलग-अलग कारणों से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।
देवी रोड उपकेंद्र क्षेत्र के कचहरी रोड पर बुधवार को अशोका कंपनी की ओर से मरम्मत कार्य कराया गया। इसके चलते सुबह 10:30 बजे से 11:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। इसके बाद दोपहर एक बजे से तीन बजे तक दोबारा मरम्मत कार्य किए जाने के कारण आपूर्ति बाधित रही। इससे उपकेंद्र से जुड़े राजा का बाग, आश्रम रोड, बालाजी पुरम, कचहरी रोड, देवी रोड, लेनगंज और मंडी धर्मदास सहित कई मोहल्लों के करीब पांच हजार उपभोक्ता प्रभावित हुए। वहीं, ज्योंती रोड उपकेंद्र क्षेत्र के टाउन प्रथम में फॉल्ट होने के कारण दोपहर 2:18 बजे से तीन बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। पावर हाउस उपकेंद्र क्षेत्र में भी करीब 30 मिनट तक बिजली बंद रही। दूसरी ओर, सिविल लाइन क्षेत्र में सेंट थॉमस स्कूल के समीप केबल टूटने से आपूर्ति बाधित हो गई। सूचना मिलने पर बिजली कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर केबल की मरम्मत की, जिसके बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।