मैनपुरी। महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल की पैथोलॉजी की रिपोर्ट बार-बार गलत आने से मरीज परेशान हो रहे हैं। गांव दुर्गपुर निवासी एक महिला की अस्पताल से गलत जांच रिपोर्ट थमा दी गई। शक होने पर दो निजी लैब पर जांच कराई गई। इसमें काफी अंतर पाया गया। महिला के पति ने इसकी शिकायत डीएम से की है।
गांव दुर्गपुरा निवासी संजीव सिंह यादव 19 मई 2026 को अपनी पत्नी सुमन देवी को लेकर महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने खून की जांच कराने को कहा। सुमन ने जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में 20 मई को नमूना दिया। 21 मई को मिली रिपोर्ट में सुमन देवी का हीमोग्लोबिन स्तर मात्र 3.6 दर्शाया गया। रिपोर्ट देखकर परिजन चौंक गए। परिजन फिजीशियन डॉ. जेजे राम के पास पहुंचे। फिजीशियन ने रिपोर्ट देखने के बाद सुमन को भर्ती कराने की सलाह दी। लेकिन परिजन इस रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं थे। परिजन ने उसी दिन निजी सिद्धार्थ पैथ लैब पर जांच कराई तो यहां हीमोग्लोबिन 9.2 पाया गया। वहीं मैनपुरी पैथ लैब पर तीसरी जांच कराई गई। यहां हीमोग्लोबिन 11.5 निकला। तीन अलग-अलग रिपोर्टों में हीमोग्लोबिन स्तर में भारी अंतर सामने आने के बाद संजीव सिंह यादव ने जिलाधिकारी से शिकायत की है।