रक्तदान के लिए महिलाएं भी जागरूक होने लगी हैं। अमर उजाला फाउंडेशन की पहल पर विश्व रक्तदाता दिवस पर ब्लड बैंक में पुरुष ही नहीं महिलाएं भी रक्तदान को पहुंचीं। अमर उजाला के शिविर में कुल पांच लोगों ने रक्तदान किया, वहीं 32 ने रजिस्ट्रेशन कराया।
अमर उजाला फाउंडेशन की पहल के चलते जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में मंगलवार को विश्व रक्तदाता दिवस पर पुरुष ही नहीं महिलाएं भी पहुंचीं। भारी संख्या में ब्लड देने के लिए लोगों की भीड़ सुबह आठ बजे से ही लगनी शुरू हो गई। सुबह करहल रोड निवासी 35 वर्षीय भावना बैजल ब्लड बैंक पहुंचीं। उन्होंने कहा कि अमर उजाला में प्रकाशित खबरों से उन्हें प्रेरणा मिली कि वह भी रक्तदान करें। वह रक्तदान किसी नाम के लिए नहीं किसी की जान बचाने के लिए करना चाहती हैं। वहीं करहल रोड निवासी अमित गुप्ता ने भी रक्तदान किया। कहा कि जरूरत पर वह आगे भी रक्तदान के लिए तैयार हैं। इसके अलावा संदीप रायजादा, दिगेंद्र मिश्रा, हेमंत मिश्रा ने रक्तदान किया। ब्लड बैंक में पर्याप्त मात्रा में ब्लड होने के चलते अन्य लोगों से ब्लड नहीं लिया गया। इसके चलते 32 लोगों ने शिविर में ब्लड देने के लिए पंजीकरण कराया।