क्रिकेटर पूनम यादव, मूल रूप से मैनपुरी जिले के घिरोर क्षेत्र के महुआहार गांव की रहने वाली हैं। उनके पिता फौज में थे। उनका नाम रघुवीर सिंह है। वर्तमान में यह लोग आगरा में रहते हैं। गांव कभी-कभी ही आते हैं। लेकिन, गांव के लोगों को अपनी बिटिया के प्रति अपार स्नेह झलकता है।
उ.प्र क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने बीसीसीआई की घरेलू सीनियर महिला टी-20 ट्रॉफी के लिए पूनम को उ.प्र की कप्तानी मिली है। पूनम को टीम की कमान मिली तो उनके गांव में खुशी का माहौल है। लोगों ने उन्हें बधाई दी है।
कमला क्लब, चंडीगढ़ में अभ्यास मैच खेला गया। इसी समय घरेलू शृंखला के लिए टीम की घोषणा कर दी गई है। टीम की कमान लेग स्पिनर पूनम यादव को मिली है। ताऊ बलवीर सिंह ने बताया कि 2007 से 2012 तक उ.प्र और उसके बाद रेलवे से खेलते हुए पूनम भारतीय टीम की मुख्य गेंदबाज रही हैं। उनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अनुभव को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
बताया कि पूनम, अंतर्राष्ट्रीय मंच पर 58 एकदिवसीय और 72 टी-20 क्रिकेट मुकाबलों में खेल चुकी हैं। अब जब उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिली है, तो लोग उनके घर पहुंचकर परिजन से मिलकर बधाई दे रहे हैं। इसी कड़ी में हाकिम सिंह, धर्मेंद्र यादव, भाकियू जिला उपाध्यक्ष संजय शर्मा, अंकित शर्मा ने भी गांव पहुंचकर बधाई दी।