फोटो 31 गांव हरचंदपुर में जल संरक्षण के लिए जागरूकता रैली निकालते स्वयंसेवक। स्रोत महाविद्यालय
मैनपुरी। डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय औडेन्य पड़रिया की एनएसएस इकाई का सात दिवसीय शिविर गांव हरचंदपुर मैनपुरी में आयोजित हो रहा है। विशेष शिविर के छठवें दिन जल संरक्षण एवं ग्लोबल वार्मिंग पर प्रकाश डाला गया। प्राचार्य प्रोफेसर एसपी सिंह ने कहा कि पानी बचेगा तभी जीवन बचेगा और मानव का भविष्य सुरक्षित होगा।
कार्यक्रम अधिकारी जयप्रकाश यादव के नेतृत्व में स्वयंसेवियों ने जल संरक्षण के लिए लोगों को प्रेरित किया। स्वयं सेवकों ने गीत, कविता, भाषण, नुक्कड़ नाटक और पोस्टर से पानी बचाने की जानकारी दी। कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, कुआ, तालाब, पोखर, नहर और नदी सभी के संरक्षण की आवश्यकता है। असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. गीता देवी ने कहा कि जल की बर्बादी से बचें। जितनी जरूरत हो उसके अनुसार ही पानी का प्रयोग करें। पानी की यदि बर्बादी नहीं रुकी तो जल्द ही उत्तर प्रदेश भी रेगिस्तान बन जाएगा। उन्होंने कहा कि पानी के संरक्षण के लिए पौधरोपण भी जरूरी है। स्वयंसेवकों ने गांव हरचंदपुर में पौधे भी लगाए।