माता शीतला देवी मंदिर कुरावली रोड के पास बृहस्पतिवार देर रात को हुए सड़क हादसे में एक घर का इकलौता चिराग बुझ गया। हादसे में मोहित की असमय मौत के बाद दो मासूमों के सिर से पिता का साया उठ गया है। वहीं, पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोतवाली क्षेत्र में कुरावली रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले मोहित माता-पिता के इकलौते पुत्र थे, पिता राम औतार की कुछ वर्ष पहले मृत्यु हो गई थी। जिसके बाद मोहित ही परिवार की देखभाल कर रहे थे। पारिवारिक खेती कर मां, पत्नी नीतू और दो बच्चों चार वर्षीय बेटी और तीन वर्षीय पुत्र का भरण पोषण कर रहे थे। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मोहित के रिश्तेदार विवेक कुमार ने बताया कि देर रात को जब हादसे की सूचना मिली तो घटनास्थल पर कार की हालत देख कर उनके होश उड़ गए। कार पूरी तरह से जल चुकी थी, जब वह लोग जिला अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि मोहित की मौत हो चुकी है। हादसे में मोहित की असमय मौत के बाद पत्नी व मां व अन्य परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
फोटो 3 दुर्घटनाग्रस्त कार को देखते स्थानीय लोग व राहगीर। संवाद