भाजपा के मंडल अध्यक्ष और उनके भतीजे को पीटा
सबहेड
दो नामजद व अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, दूसरे पक्ष ने भी थाने में दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
करहल (मैनपुरी)। भाजपा के मंडल अध्यक्ष और उनके भतीजे को कुछ लोगों ने बृहस्पतिवार शाम को पीट दिया। मामले में तहरीर मिलने पर पुलिस ने शुक्रवार को दो नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला तपा की नगरिया निवासी भाजपा के मंडल अध्यक्ष कल्पेंद्र भारती के भतीजे अमन भारती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बृहस्पतिवार शाम चार बजे वह स्कूटी से बाजार जा रहे थे। आजाद हिंद इंटर कॉलेज के पास करहल के ही रहने वाले वरुण मिश्रा और विशाल ने सात-आठ अज्ञात साथियों के साथ उनकी स्कूटी रोककर चाबी निकाल ली।
आरोप है कि कारण पूछने पर हमलावर उन्हें पास के स्कूल के अंदर ले गए, जहां उन्होंने बुरी तरह पीटा और जातिसूचक गालियां देकर अपमानित किया। पिटाई से वह बेहोश हो गए। जानकारी मिलने पर उनके ताऊ कल्पेंद्र भारती मौके पर पहुंचे और विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें भी पीटा और जान से मारने की धमकी दी।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद दूसरे पक्ष ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि भाजपा नेता का भतीजा उनकी बेटी से रास्ते में छेड़छाड़ करता है। विरोध करने पर भाजपा नेता और उनके 15-20 समर्थकों ने उन लोगों के साथ मारपीट की और बाद में उल्टा उनके परिजन के खिलाफ ही प्राथमिकी दर्ज करा दी। छात्रा ने थाने और मैनपुरी एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी और कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान उसके साथ पहुंचे कुछ लोगों ने थाने में प्रदर्शन भी किया।
लीओ करहल, दीपशिखा सिंह ने बताया कि युवक के मेडिकल परीक्षण के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। दूसरे पक्ष की शिकायत भी प्राप्त हुई है, उसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा मंडल अध्यक्ष, कल्पेंद्र भारती का कहना है कि मुझे और मेरे भतीजे को पीटा गया है। भतीजे का मेडिकल कराकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। यदि आरोपों में सच्चाई है, तो वे लोग पुलिस को सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराएं।