श्री देवी मेला एवं ग्राम सुधार प्रदर्शनी के पंडाल में मंगलवार रात से विभिन्न कार्यक्रमों की शुरूआत हो गई है। आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि अनुजेश प्रताप ने किया।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि ने कहा कि सपा अल्पसंख्यक समुदाय के संयोजक शमशुद्दीन वारसी ने यह साबित कर दिया है कि जिले के लोग अमन पसंद हैं। जिले में आज भी दोनों समुदाय के बीच गंगा-जमुनी तहजीब लोगों में मिशाल पेश कर रही है। कहा कि जिले में दोनों समुदाय के लोगों को आगे भी इसी तरह से एक-दूसरे का सहयोग करना होगा। सुजान सिंह यादव ने कहा कि जिला के लोग विकास कार्य में विश्वास रखते हैं। कार्यक्रम में म्यूजिकल ग्रुुप के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। धार्मिक भजन गाकर लोगों की वाहवाही लूटी। इस दौरान कलाकारों ने सजीव झांकियों का चित्रण भी किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान सुनील यादव ने की।
इस मौके पर सीडीओ दीपक मीणा, एएसपी दिगंबर कुशवाह, एसडीएम गजेंद्र कुमार, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आशू दिवाकर, चेयरमैन साधना गुप्ता का शाल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मोहम्मद वकील सिद्दकी, राजेश मसीह, मोहित गुप्ता, सोहेल वारसी, शहनवाज वारसी, आरिफ उल्ला, राजेश अरोड़ा, संजय मिश्रा, प्रखर दीक्षित आदि मौजूद थे।