शहर के प्रमुख बाजार लेनगंज से सोमवार को अतिक्रमण हटवाया गया। इससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई शटर गिराकर भाग गए। इस दौरान पालिकाकर्मियों ने दस दुकान स्वामियों के चालान काट सामान जब्त किया।
डीएम लोकेश एम और एसडीएम गजेंद्र सिंह के साथ सोमवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिस बल लेनगंज पहुंचा। यहां पुलिस कर्मियों ने दुकानों के बाहर लगे अतिक्रमण को हटवाया। दुकानदार दुकान बंदकर भाग गए। कुछ अतिक्रमण को खुद ही हटाते दिखे। अभियान में शामिल कोतवाल और एसएसआई ने दुकानों के बाहर सामान रखकर जाम की वजह बन रहे 10 दुकानदारों के चालान किए। पुलिसकर्मियों ने दुकानों के बाहर कई फीट तक बाहर निकले टीन शेड को पालिकाकर्मियों की मदद से हटवाया। अतिक्रमण क्षेत्र में रखे सामान को भी जब्त किया।
डीएम ने दुकानदारों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की कड़ी हिदायत दी। करीब दो घंटे तक चले इस अभियान के दौरान तांगा स्टेंड, घंटाघर चौराहा, करहल चौराहा, बजाजा बाजार से भी अतिक्रमण हटवाया गया।
जीटी रोड से हटवाया अतिक्रमण
कुरावली। कस्बा के जीटीरोड से अतिक्रमण हटवाया। एसडीएम सदर गजेंद्र कुमार सिंह, सीओ शमशेर सिंह, प्रभारी निरीक्षक नरेशचंद्र शर्मा ने थाना गेट से मंदिर वनखंडेश्वर तक, पुराने बस स्टैंड से इंडेन गैस ऐजेंसी आफिस तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। चेयरमैन अभिलाख राठौर को बुलाकर घिरोर तिराहा पर बने नाले को सही कराने के निर्देश दिए। एसडीएम सदर ने जीटीरोड पर गिट्टी-बालू डालकर अतिक्रमण कर रहे लोगों पर जुर्माना लगाया।