मैनपुरी। खरगजीत नगर निवासी राकेश दुबे नौकरी वापसी के लिए विभाग के बाहर ही डेरा जमाए हुए हैं। परिवार के साथ भूख हड़ताल पर बैठे जीप चालक का कहना है कि जब तक उसे नौकरी वापस नहीं मिलती वह हड़ताल जारी रखेगा।
दूरसंचार विभाग से आर या पार की लड़ाई का मन बना चुके राकेश दुबे पिछले चार दिनों से विभागीय कार्यालय के बाहर डेरा जमाए हुए हैं। विभाग से नौकरी वापसी को लेकर प्राधिकरण में 27 सालों की लंबी लड़ाई के बाद जीप चालक को नौकरी पर बहाल करने के आदेश दिए गए थे। इसके बाद भी आज तक विभाग ने राकेश को नौकरी पर बहाल नहीं किया। पत्नी तीन बेटियों और दो बेटों के साथ हड़ताल पर बैठे राकेश दुबे का कहना है कि चार दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक कोई भी अधिकारी उनसे मिलने नहीं आया न ही किसी ने उनकी समस्या जानने की कोशिश की। वहीं देर शाम एसडीएम गजेंद्र सिंह ने मामले की जांच करने का आश्वासन देकर जूस पिलाकर उनकी हड़ताल तुड़वा दी।