युवाओं के सिर चढ़कर बोली होली की मस्ती
- फोटो : अमर उजाला
होली की मस्ती युवाओं के सिर चढ़कर बोली। सीबीएसई बोर्ड परीक्षार्थी हों, या फिर यूपी बोर्ड के छात्र-छात्राएं। सभी ने अपने-अपने तरीके से होली का लुत्फ उठाया। युवाओं ने सामूहिक रूप से होली खेल धमाल मचाया। युवाओं की टोली शहर में जिस ओर से गुजरती लोग उनसे बचने को भागने लगते। कई स्थानों पर युवाओं ने नाच-गाकर होली का लुत्फ उठाया।
होली पर शहर में युवाओं ने खूब धमाल मचाया। 15 से 20 साल के युवा टोली बनाकर सुबह से ही शहर की सड़काें पर निकल लिए। रंग, अबीर-गुलाल लिए युवा जो भी रोड पर मिल जाता उसे रंग से सराबोर कर देते। कुछ युवा मोटर साइकिलों पर सवार होकर होली का हुड़दंग करते दिखे। स्टेशन रोड, कचहरी रोड, आगरा रोड, करहल रोड, बाईपास रोड पर युवाओं की टोलियां हर आने जाने वाले को रंग से सराबोर करतीं दिखी। कुछ युवाओं ने लोगों के कपड़े भी फाड़ दिए।
उधर पुरानी मैनपुरी में युवाओं की टोलियों ने बड़े ड्रमों में रंग घोलकर रख रखा था, जो भी आ जाता उसे ड्रम में डुबोकर निकाल दिया जाता। कई स्थानों पर युवाओं ने भांग की ठंडाई की व्यवस्था भी की। सामूहिक रूप से भंग की तरंग में युवाओं ने नाचते-गाते हुए होली खेली। कुछ स्थानों पर युवाओं ने सामूहिक रूप से डीजे की धुन पर नृत्य कर होली मनाई। उधर युवतियों ने भी सामूहिक रूप से होली खेलकर होली का मजा लिया। युवतियों की टोलियां घरों में घुसकर भाभियों के साथ होली की ठिठोली करती दिखीं।