मैनपुरी। यूपी बोर्ड की परीक्षा में मंगलवार को सुबह की पाली में इंटर समाजशास्त्र और हाईस्कूल अंग्रेजी का प्रथम प्रश्नपत्र हुआ। परीक्षा में समाजशास्त्र का पेपर आसान आने से छात्र-छात्राओं के चेहरे पर खुशी देखी गई। वहीं, अंग्रेजी का प्रश्नपत्र कठिन आने से परीक्षार्थी परेशान नजर आए। इस दौरान दो नकलची पकडे़ गए। वहीं सेक्टर मजिस्ट्रेट और सचलदलों ने 38 केंद्रों पर बैठकर परीक्षा कराई।
बोर्ड परीक्षा में मंगलवार को सुबह की पाली में इंटर समाजशास्त्र प्रथम प्रश्नपत्र और शाम की पाली में हाईस्कूल अंग्रेजी प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा हुई। हाईस्कूल अंग्रेजी में पंजीकृत 54952 परीक्षार्थियाें में से 42423 ने परीक्षा दी और 12527 ने परीक्षा छोड़ दी। इस दौरान लेखाधिकारी शीलेंद्र यादव के सचलदल ने मां देवी इंटर कालेज कुसमरा ने एक और तहसीलदार घिरोर ने कश्यपमुनि इंटर कालेज कोसमा से एक नकलची पकड़ा। वहीं इंटर समाजशास्त्र की परीक्षा के लिए जिले में 10200 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 7371 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। जबकि 2829 ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं कृषि भौतिक में 124 पंजीकृत थे 116 ने परीक्षा दी और आठ अनुपस्थित रहे।
समाजशास्त्र का पेपर देख छात्राओं के चेहरे खिल गए। पेपर देकर आई छात्रा पूजा, प्रिंयका, नेहा रितिका आदि ने बताया कि समाजशास्त्र का पेपर अब तक कि पेपरों में सबसे सरल था। इस पेपर में सामाजिक कुरीतियों और बालविवाह से संबंधित प्रश्न आए थे। साथ ही लघु उत्तरीय प्रश्न काफी सरल थे। वहीं सोमवार को शाम की पाली में इंटर रसायन विज्ञान की परीक्षा हुई। इसमें 35462 परीक्षार्थियों पंजीकृत थे। इनमें से 28851 ने परीक्षा दी जबकि 6611 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं कॉमर्स में 130 से सापेक्ष 125 उपस्थित हुए और पांच अनुपस्थित रहे।