भाकियू ने आधे घंटे तक जीटी रोड को किया जाम
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय किसान यूनियन भानु गुट ने शुक्रवार को किसानों की समस्याओं के संबंध में जीटी रोड को करीब आधा घंटे तक जाम कर दिया। इससे रोड के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर पंहुचे एसडीएम विजय प्रताप को मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी के नाम नौ सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। एसडीएम के आश्वासन पर किसानों ने जाम खोला।
भारतीय किसान यूनियन भानु गुट ने शुक्रवार को जिलाध्यक्ष राहुल कुमार सिंह के नेतृत्व में जीटी रोड पर जाम लगाया। किसानों के आंदोलन की सूचना पर बड़ी संख्या में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। किसानों ने कृषि आयोग गठित कर कृषि को उद्योग का दर्जा देने की मांग की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि किसान एवं मजदूर का दुर्घटना बीमा 10 लाख सुनिश्चित किया जाए। 60 साल पूरे कर चुके किसानों एंव मजदूरों को 500 रुपया प्रतिमाह पेंशन दी जाए। ओलावृष्टि एवं सूखे का मुआवजा मिले। जिले में जर्जर संपर्क मार्गों का डामरीकरण कराया जाए। बढ़ी हुई विद्युत दरें वापस की जाएं। किसानों को मुफ्त बिजली दी जाए। बेवर ब्लॉक के महमूदिया ग्राम में बिजली की जर्जर लाइनें व खंभे बदले जाएं। नहर एंव रजबहों में रोस्टर के अनुसार टेल तक पानी छोड़ा जाए। बेवर मझोला कन्नौज जा रहे बंबे की पुलियों का निर्माण कराया जाए। उन्होंने कहा कि अगर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो यूनियन शासन तथा प्रशासन के खिलाफ किसी भी प्रकार के उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। एसडीएम के आश्वासन के बाद किसानों ने जाम खोल दिया। इस मौके पर राजीव सिंह चौहान, आनंद पाठक, रवी सिंह, प्रदीप कुमार, शीलेश दुबे, विजेंद्र सिंह सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।