नगरपंचायत कर्मियों ने कस्बे के जीटी रोड, घिरोर रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। वहां अवैध रूप से रखे एक दर्जन से अधिक खोखे ध्वस्त किए। अभियान से हड़कंप मच गया।
एसडीएम सदर गजेंद्र सिंह ने नगरपंचायत की अधिशासी अधिकारी सीमा तोमर, इंसपेक्टर नरेशचंद्र शर्मा, पुलिसकर्मी और नगरपंचायत कर्मियों के साथ थाना गेट के सामने से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। अभियान के शुरू होते ही दुकानदारों ने दुकानों के आगे लगे अतिक्रमण को हटाना शुरू कर दिया। जीटी रोड पर अतिक्रमण कर रहे लोगों ने अपने ठेले हटाकर गलियों में खड़े कर लिए। दुकानों के सामने पड़ी टीनों को तोड़ दिया तथा घिरोर रोड पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय, सीएचसी की दीवार के सहारे लगे खोखों को तोड़ दिया। अभियान के दौरान खोखों के संचालक हाथ जोड़कर न तोड़ने की मांग करने लगे लेकिन दर्जनों खोखों को तोड़ दिया। कई खोखा संचालक रो पड़े।