थाना क्षेत्र में सोमवार रात असलाह के साथ गिरफ्तार दो बदमाशों को थाना पुलिस ने जेल भेजा है। बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने एक बोलेरो गाड़ी भी बरामद की है। दोनों बदमाश अपने चार अन्य साथियों के साथ थाना क्षेत्र में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
थाना क्षेत्र में करीब नौ बजे थानाध्यक्ष नरेशचंद्र शर्मा पुलिस कर्मियों के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान जीटी रोड स्थित ग्राम लखौरा से औंछा जाने वाले संपर्क मार्ग पर एक बोलेरो पुलिस को देखकर पीछे लौटने लगी। शक होने पर पुलिस ने उसका पीछा किया। कुछ दूरी पर पुलिस ने बोलेरो को रुकवा लिया। इसी बीच उसमें सवार चार बदमाश भाग निकले। अन्य दो को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो तमंचा, कारतूस बरामद हुए। पुलिस की पूछताछ में दोनों ने अपने नाम मनीष कुमार निवासी ग्राम नगलामीर मुहालअब्बल थाना करहल और योगेश निवासी ग्राम खेड़ा इटली थाना अछल्दा औरैया बताया। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने बताया कि वो क्षेत्र में वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।