घिरोर। कस्बा घिरोर से ओय पचावर मार्ग जर्जर हो गया है। इस मार्ग पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं। बाइक सवारों, चारपहिया वाहनों और साइकिल चालकों को निकलने में भारी परेशानी होती है।
छात्र-छात्राओं सहित अन्य लोगों का आवागमन भी मुश्किल हो गया है। यह मार्ग गुड़ी, नगला प्राणनाथ, ओय, पचावर जैसे लगभग डेढ़ दर्जन गांवों को जोड़ता है। गड्ढों के कारण कई बार वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं, जिससे चालक घायल हो जाते हैं। ग्रामीणों ने पूर्व में पीडब्ल्यूडी विभाग से इसकी शिकायत की थी। लेकिन विभाग ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया।
रंजीत, राज कुमार और भारत सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मार्ग को सही कराने की मांग की है। उन्होंने आवागमन सुगम बनाने और दुर्घटनाओं को रोकने की अपील की है। संवाद